Delhi Bomb Blast: वर्ल्ड मीडिया में छाई लाल किला कार ब्लास्ट की खबर, डॉन, BBC समेत किसने क्या लिखा?
Delhi Bomb Blast: सोमवार, 11 नवंबर की शाम देश की राजधानी दिल्ली उस वक्त दहल उठी जब ऐतिहासिक लाल किला (Red Fort) के पास एक कार में जोरदार धमाका हुआ। यह धमाका फोर्ट मेट्रो स्टेशन गेट नंबर-1 के पास हुआ, जिसमें कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। एनआईए (NIA) और एनएसजी (NSG) की टीमों को भी घटनास्थल पर रवाना किया गया और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया।
इस धमाके को अंतर्राष्ट्रीय मीडिया ने भी गंभीरता से लेते हुए छापा है। बीबीसी, पाक मीडिया, कतर की मीडिया चैनलों ने भी इसको जगह दी। पढ़िए किसने क्या लिखा....

वर्ल्ड मीडिया ने क्या कहा?
इस भीषण धमाके की खबर ने अंतरराष्ट्रीय मीडिया में भी प्रमुखता हासिल की। पाकिस्तानी, ब्रिटिश, अमेरिकी और कतर के मीडिया आउटलेट्स ने इसे मुख्य समाचारों में स्थान दिया।
पाकिस्तानी मीडिया - डॉन
डॉन ने लिखा कि दिल्ली के लाल किले के पास सोमवार शाम को एक भीषण धमाका हुआ, जिसमें कम से कम 8 लोगों की मौत और 20 से ज्यादा घायल हुए। धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुआ, जहां सड़क पर कई गाड़ियां खड़ी थीं। पुलिस ने बताया कि यह कार रेड लाइट पर रुकी थी और अचानक विस्फोट हो गया। धमाके के बाद आसपास खड़ी कई कारें और ऑटो रिक्शा आग की चपेट में आए।
डॉन ने आगे लिखा कि दिल्ली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। धमाके के बाद दिल्ली, मुंबई और यूपी में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया और बॉर्डर इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई।
ब्रिटिश मीडिया - BBC
BBC ने इस घटना को प्रमुखता से कवर किया और लिखा कि भारत की राजधानी दिल्ली के लाल किले के पास सोमवार शाम कार धमाके से राजधानी दहल उठी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक कम से कम 8 लोगों की मौत हुई, हालांकि पुलिस ने आधिकारिक संख्या की पुष्टि नहीं की।
BBC ने बताया कि धमाका घनी आबादी वाले इलाके में हुआ, जहां लाल किला मेट्रो स्टेशन और चांदनी चौक का व्यस्त बाजार स्थित है। लाल किला दिल्ली का ऐतिहासिक और सुरक्षित इलाका माना जाता है। यह वही जगह है, जहां से प्रधानमंत्री हर साल 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस का भाषण देते हैं। धमाके की खबर ने पूरे देश को चौंका दिया।
ब्रिटिश मीडिया - द गार्डियन
द गार्डियन ने लिखा कि लाल किले के पास हुए कार धमाके में कम से कम 8 लोगों की मौत हुई और कई घायल हुए। धमाके से आसपास खड़ी कई गाड़ियां जलकर खाक हो गईं। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
द गार्डियन के अनुसार, धमाके के बाद इलाके को पुलिस ने घेर लिया। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि उन्होंने जोरदार धमाके की आवाज सुनी, खिड़कियां हिल गईं और कई गाड़ियां आग की चपेट में आ गईं।
अमेरिकी मीडिया - CNN
CNN ने बताया कि लाल किले के पास सोमवार को हुए धमाके में कम से कम 8 लोगों की मौत हुई और 11 लोग घायल हुए। धमाका पुरानी दिल्ली के घनी आबादी वाले इलाके में हुआ, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। CNN ने लिखा, विस्फोट से 6 गाड़ियां और 3 रिक्शा जलकर खाक हो गए। पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है। स्थानीय टीवी चैनलों में आग और धुआं उठते हुए देखा गया। दिल्ली के डिप्टी फायर चीफ ने बताया कि आग पर अब काबू पा लिया गया है।
कतर मीडिया - अलजजीरा
अलजजीरा ने लिखा कि लाल किले के पास हुए जोरदार धमाके में कम से कम 8 लोगों की मौत हुई और 11 घायल हुए। धमाका एक कार में हुआ, जिसकी वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हुई। अलजजीरा ने बताया कि धमाके के तुरंत बाद कई गाड़ियां आग की चपेट में आ गईं। मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत पहुंचीं और इलाके को घेर लिया। फॉरेंसिक टीम ने सबूत जुटाना शुरू कर दिया।
लाल किले के पास हुए इस धमाके ने न सिर्फ राजधानी दिल्ली को दहलाया, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए। वर्ल्ड मीडिया ने इसे बड़े पैमाने पर कवर किया, जबकि देशभर में हाई अलर्ट जारी किया गया। सुरक्षा एजेंसियां लगातार जांच में जुटी हैं और सभी संभावित कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications