Delhi Assembly Elections 2020: तो अरविंद केजरीवाल को टक्कर देंगी सुषमा स्वराज की बेटी 'बांसुरी'?
नई दिल्ली। सीएम अरविंद केजरीवाल के खिलाफ कांग्रेस पार्टी दिल्ली की पूर्व सीएम और लोकप्रिय नेता रहीं शीला दीक्षित की बेटी लतिका दीक्षित को मैदान में उतार सकती है तो वहीं दूसरी ओर चर्चा ये है कि भाजपा की ओर से दिवंगत पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को टक्कर दे सकती हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक भाजपा नई दिल्ली विधानसभा सीट से बांसुरी स्वराज को उम्मीदवार बनाने के बारे में विचार कर रही है।
Recommended Video

केजरीवाल को टक्कर दे सकती हैं सुषमा स्वराज की बेटी?
आपको बता दें कि बांसुरी ने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से ग्रेजएशन की पढ़ाई करने और इनर टेम्पल से कानून में बैरिस्टर की डिग्री लेने के बाद अपने पिता स्वराज कौशल की तरह दिल्ली हाईकोर्ट के साथ साथ सुप्रीम कोर्ट में भी प्रेक्टिस कर रही हैं।

सुषमा स्वराज ने लगाई थी सबकी क्लास
पूरे देश को बांसुरी के बारे में तब पता चला था जब यह खुलासा हुआ था कि सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज IPL के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी की लीगल टीम में शामिल थीं, क्योंकि ललित मोदी ने जिन आठ लोगों को ट्वीट करके बधाई दी थी, उनमें बासुंरी भी शामिल थीं, हालांकि बाद में सुषमा स्वराज ने ट्वीट करके सबकी क्लास लगाते हुए कहा था कि बांसुरी एक वकील है और उसने अपना केस लड़ा, इसके अलावा वो किसी को नहीं जानती।

कपिल मिश्रा के भी नाम के हैं चर्चे
मीडिया सूत्रों के मुताबिक बांसुरी को सुषमा स्वराज के प्रति सहानुभूति रखने वाले मतदाताओं का वोट भी मिल सकता है। इसलिए उन्हें अरविंद केजरीवाल के खिलाफ मैदान में उतारने का विचार हो रहा है, हालांकि इससे पहले खबर आई थी कि भाजपा केजरीवाल के खिलाफ आम आदमी पार्टी से भाजपा में शामिल हुए कपिल मिश्रा को उतारेगी लेकिन अब इस सीट के लिए बांसुरी का नाम सामने आ रहा है।
17 जनवरी को होगा उम्मीदवारों के नाम का ऐलान
फिलहाल किसको टिकट मिलेगा, इस राज से पर्दा जल्द ही उठ जाएगा, क्योंकि ऐसा कहा जा रहा है कि 17 जनवरी को भाजपा उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर देगी।












Click it and Unblock the Notifications