कोस्ट गार्ड टॉप लेवल प्रमोशन में धांधली को लेकर रक्षा मंत्रालय सख्त, जांच के आदेश
नई दिल्ली, 6 सितंबर: इंडियन कोस्ट गार्ड में शीर्ष स्तर पर प्रमोशन में धांधली होने के आरोपों को लेकर रक्षा मंत्रालय ने जांच के आदेश दिए हैं। रक्षा मंत्रालय ने ज्वाइंट सेक्रेटरी लेवल के अधिकारी की नियुक्ति प्रमोशन में विसंगतियों के आरोपों की जांच के लिए की गई है। इंडियन कोस्ट गार्ड में दूसरे सर्वोच्च पद पर पदोन्नति में जालसाजी के आरोप लगे हैं। इंस्पेक्टर जनरल रैंक के अफसर का एडिशनल डायरेक्टर जनरल के पद पर प्रमोशन किए जाने में कथित धांधली की अब जांच होगी।

रक्षा मंत्रालय के सूत्रों की ओर से कहा गया है कि मंत्रालय के शीर्ष अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद इसे गंभीरता से लिया गया है। मामले में कार्रवाई करते हुए पदोन्नति बोर्ड को खत्म कर दिया गया और आरोपों की जांच के लिए संयुक्त सचिव स्तर पर आंतरिक जांच का आदेश दिया गया है। रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने आरोपों की जांच किए जाने की पुष्टि की है लेकिन अभी इस मामले में ज्यादा जानकारी देने से इनकार किया है।
यह मामला जुलाई में सामने आया था जब अतिरिक्त महानिदेशक रैंक के एक पद के लिए पदोन्नति बोर्ड के भेजे नाम पर सवाल उठे थे। इसमें आरोप है कि बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत दस्तावेजों और रक्षा मंत्रालय के अभिलेखों में मूल दस्तावेजों में संबंधित अधिकारियों को दिए गए अंक अलग-अलग थे। ऐसे में एक जालसाजी करते हुए एक अधिकारी को उच्च पद पर पदोन्नत किया गया।
रक्षा मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और रक्षा सचिव अजय कुमार दोनों ने मंत्रालय में किसी भी तरह के भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। पूर्व में भी दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। इस दफा भी जांच के नतीजे आने के बाद कार्रवाई होगी।












Click it and Unblock the Notifications