रक्षा मंत्रालय ने शुरू किया SeHAT पोर्टल, जानें क्या होगा इससे लाभ?
नई दिल्ली, 27 मई: पूरा देश कोरोना महामारी के कहर से जूझ रहा है। जिस वजह से ज्यादातर राज्यों में लॉकडाउन है। ऐसे में सामान्य रोगियों को डॉक्टरों को दिखाने में दिक्कत हो रही है। जिनके लिए रक्षा मंत्रालय ने 'सर्विसेज ई-हेल्थ असिस्टेंस एंड टेली-कंसल्टेशन' (SeHAT) ओपीडी पोर्टल लॉन्च किया है। इसका उद्घाटन गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया।
Recommended Video

राजनाथ के मुताबिक कोविड की दूसरी लहर पहले से कहीं ज्यादा खतरनाक है, लेकिन रक्षा मंत्रालय और उससे जुड़े अधिकारी इस मुश्किल वक्त में डटे रहे। साथ ही अपनी सेवाएं जारी रखी। वहीं डीआरडीओ ने भी अपनी क्षमता का प्रदर्शन करते हुए दिल्ली, लखनऊ, वाराणसी समेत कई जगहों पर कोविड अस्पताल और ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित किए।
उन्होंने कहा कि हैदराबाद स्थित डॉ रेड्डीज लैब की मदद से डीआरडीओ ने आवश्यक दवा 2-डीजी का उत्पादन किया है। इसके सकारात्मक परिणाम आ रहे हैं। मुझे कई जगहों से जानकारी मिल रही है कि बहुत से लोग 2-डीजी चाहते हैं। जिस वजह से बाजार में आज इसके 10 हजार से ज्यादा पाउच पहुंच चुके हैं। आगे भी इस दवा का उत्पादन जारी रहेगा।
पोर्टल से क्या होगा लाभ?
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक ये पोर्टल सशस्त्र बलों को टेली मेडिसिन सेवाएं प्रदान करने में मदद करेगा। जिसके जरिए थलसेना, नौसेना, वायुसेना और पूर्व सैन्यकर्मी सशस्त्र बलों के विशेषज्ञ डॉक्टरों से फोन पर परामर्श ले सकेंगे। मंत्रालय ने उम्मीद जताई है कि इस सेवा के शुरू होने के बाद कम से कम 4 करोड़ लोगों को लाभ होगा। साथ ही इससे सुशासन और डिजिटल भारत के लिए सरकार की प्रतिबद्धता प्रकट होती है।












Click it and Unblock the Notifications