India-China tension: मॉस्को में चीनी रक्षा मंत्री से नहीं मिलेंगे राजनाथ सिंह
नई दिल्ली। रूस की राजधानी मॉस्को में शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन (एससीओ) देशों के रक्षा मंत्रियों की मीटिंग होने वाली है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी आज मॉस्को के लिए रवाना होंगे। लेकिन ऐसी खबरें आ रही हैं कि वह यहां पर अब अपनी चीनी समकक्ष के साथ कोई मीटिंग या वार्ता नहीं करेंगे। आपको बता दें कि इस सम्मेलन का आयोजन ऐसे समय में हो रहा है जब 29 और 30 अगस्त को लद्दाख के चुशुल सेक्टर में चीन की पीपुल्स लिब्रेशन आर्मी (पीएलए) के जवानों ने एक बार फिर घुसपैठ की कोशिशें की थीं।

4 से 6 सितंबर तक SCO सम्मेलन
राजनाथ सिंह चार से छह सितंबर तक मॉस्को में शंघाई को-ऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन (एससीओ) देशों के रक्षा मंत्रियों की मीटिंग में शिरकत करेंगे। पहले उनके यहां चीन के रक्षा मंत्री से मुलाकात की खबरें थीं। लेकिन न्यूज एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से यह स्पष्ट कर दिया है कि राजनाथ अब अपने चीनी समकक्ष से नहीं मिलेंगे। भारत और चीन के बीच पांच मई से लद्दाख में टकराव जारी है। चार माह बाद भी इसका कोई नतीजा नहीं निकला है। चुशुल में घटना के बाद हालात और ज्यादा तनावपूर्ण हो गए हैं। सेना प्रवक्ता कर्नल अमन आनंद ने सोमवार को घटना की आधिकारिक जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था, '29 और 30 अगस्त की रात पीएलए के जवानों ने पूर्वी लद्दाख में जारी टकराव के दौरान मिलिट्री और राजनयिक वार्ता के दौरान बनी आम सहमति का उल्लघंन किया और भड़काऊ सैन्य गतिविधियों को अंजाम दिया है। सेना बातचीत के जरिए शांति और स्थिरता कायम रखने के लिए प्रतिबद्ध है लेकिन साथ ही समान रूप से अपनी क्षेत्रीय अखंडता की सुरक्षा के लिए भी दृढ़ निश्चित है।' कर्नल आनंद ने जानकारी दी है कि चुशुल में इस समय ब्रिगेड कमांडर मीटिंग इस मुद्दे को सुलझाने के लिए जारी है।












Click it and Unblock the Notifications