Cyclones in india: भारत में आए वे 5 खतरनाक तूफान, जिन्होंने मचाई थी भयंकर तबाही
चक्रवाती तूफान बिपरजॉय काफी तेज रफ्तार से गुजरात की तरफ बढ़ता जा रहा है। आज शाम तक यह गुजरात के तट से टकरा सकती है। इसका सबसे अधिक प्रभाव सौराष्ट्र और कच्छ में देखने को मिलेगा। महाराष्ट्र और राजस्थान के कुछ इलाकों में भी इसका असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक यह चक्रवाती तूफान भयंकर तबाही मचा सकता है। लाखों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है।
बिपरजॉय तूफान तो कितना खतरनाक साबित होने वाला है वह तो शाम तक पता चलेगा लेकिन क्या आपलोगों को पता है कि बिपरजॉय तूफान से पहले भी भारत में 5 ऐसे भयंकर तूफान आए थे जिन्होंने तबाही मचाकर रख दी थी। चलिए आज हम आपलोगों को इन्हीं 5 तूफान के बारे में बताने जा रहे हैं कि आखिर इन तूफानों ने कितने लोगों की जिंदगी छीन ली थी। किस राज्य में सबसे खतरनाक तूफान आया था?

मई 2021, गुजरात, तौक्ते तूफान
गुजरात में तौक्ते तूफान ने मई 2021 में तबाही मचाई थी। इस दौरान 210 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही थीं। इस चक्रवात के कारण 100 लोगों की मौत हुई थी। यह एक दशक में गुजरात की तट से टकराने वाला भयंकर तूफान था। 8000 से अधिक मवेशी भी मारे गए थे। करीब 88000 घरों को नुकसान पहुंचा था। तटीय क्षेत्रों से लगभग 3 लाख लोगों को सुरक्षित निकाला गया था।
साल 2020 का साइक्लोन अम्फान (Cyclone Amphan)
कोरोना काल के दौरान आने वाला भयंकर चक्रवाती तूफान था साइक्लोन अम्फान। 2020 के मई में यह तूफान भारत और बांग्लादेश के पूर्वी तट से टकराया था। इस सुपर साइक्लोन ने 190 किमी प्रति घंटे की हवाओं के साथ पेड़ों और घरों को उखाड़ फेंका था. इस तूफान में 98 लोगों की जान चली गई थी। बंगाल और ओडिशा में कई लोगों की मौत हुई थी।
साइक्लोन फानी, 2019, ओडिशा
साइक्लोन फानी (Cyclone Fani) 2019 में ओडिशा के तट से टकराया था। इसने पुरी समेत कई इलाकों में भयंकर तबाही मचाई थी। उस वक्त 200 किमी/घंटे से भी ज्यादा तेज चल रही हवाओं की जद में जो भी चीज आई, बर्बाद हो गई। कई लोग घायल हो गए थे। 100 से अधिक लोगों की मौत भी हुई थी। 200 से अधिक मकान ढह गए थे।
साइक्लोन ओखी 2017 (Cyclone Ockhi)
साल 2017 में साइक्लोन ओखी ने दस्तक दी थी। इसने दक्षिणी राज्य केरल और तमिलनाडु में कहर बरपाया था। इस तूफान में 300 से अधिक लोगों की जान गई थी। साइक्लोन ओखी की रफ्तार 250 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी।
ओडिशा का तूफान 1999 (Odisha Super Cyclone)
बता दें कि साल 1999 में 29 अक्टूबर को ओडिशा में अब तक का सबसे भयंकर तूफान आया था। इस तबाही में 15 हजार से अधिक लोगों की जान चली गई थी। लाखों घर ढह गए थे। 25 लाख से अधिक पालतू जानवर मारे गए थे। 280 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चली थी। यह तूफान इतना भयंकर था कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।












Click it and Unblock the Notifications