Daily Political Update: राम मंदिर पर बोलीं ममता बनर्जी- BJP कर रही नौटंकी, कांग्रेस ने इस बात पर पीएम को घेरा
Daily Political Roundup: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। पीएम मोदी ने तिमोर लेस्ते के राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय बैठक की। वहीं, मालदीव विवाद पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी को घेरा है।

उधर, भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के बयान पर कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने पलटवार किया है। वहीं, ममता बनर्जी ने राम मंदिर को लेकर भाजपा पर फिर से हमला बोला है। आइए जानते हैं दिनभर का राजनीतिक घटनाक्रम...
प्रधानमंत्री मोदी और जोस रामोस-होर्टा की मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गांधीनगर में वाइब्रेंट गुजरात वैश्विक शिखर सम्मेलन 2024 में शामिल हुए। उन्होंने वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल ट्रेड शो का शुभारंभ किया। पीएम मोदी ने तिमोर-लेस्ते के राष्ट्रपति जोस रामोस-होर्टा के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस दौरान पीएम मोदी ने बताया कि राष्ट्रपति होर्टा के जीवन पर महात्मा गांधी जी का प्रभाव देखने को मिलता है। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय और सांस्कृतिक संबंधों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मोदी हर चीज को निजी तौर पर ले रहे: खड़गे
प्रधानमंत्री मोदी पर मालदीव के मंत्री द्वारा टिप्पणी के बाद खड़े हुए विवाद पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बयान दिया है। खड़गे ने कहा कि सत्ता में आने के बाद नरेंद्र मोदी हर बात को निजी तौर पर ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने पड़ोसी देशों के साथ अच्छे संबंध रखने चाहिए।
ममता बनर्जी ने भाजपा को घेरा
राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर ममता बनर्जी ने फिर भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राम मंदिर के नाम पर नौटंकी कर रही है। बंगाल के जयनगर में ममता ने कहा, मुझसे राम मंदिर को लेकर पूछा गया, मैं उन समारोह पर विश्वास रखती हूं, जो सबको साथ लेकर चले। आपको जो करना है करिए, लेकिन दूसरे समुदाय के लोगों की अवहेलना करना सही नहीं है।
भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर सियासी बयानबाजी
कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर सियासी बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है। मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के बयान पर अब राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की प्रतिक्रिया सामने आई है। गहलोत ने कहा, अभी तक तो इजाजत दे देनी चाहिए थी, राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा राजनीतिक नहीं, बल्कि प्यार भाईचारे की है। आपको बता दें कि मणिपुर में यात्रा को इजाजत देने पर बीरेन सिंह ने कहा था कि विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों से रिपोर्ट लेने के बाद इस पर विचार किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications