Daily Political Update: कांग्रेस के अकाउंट फ्रीज पर मचा घमासान, सपा ने घेरा तो भाजपा ने किया पलटवार
Daily Political Roundup: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को प्रेस वार्ता कर केंद्र सरकार पर कांग्रेस के सारे अकाउंट्स फ्रीज करने का आरोप लगाया। इस दौरान सोनिया गांधी ने कहा कि पीएम मोदी कांग्रेस को आर्थिक रूप से कमजोर करने की कोशिश करने में लगे हैं।
वहीं, भाजपा ने कांग्रेस को आरोपों का जवाब दिया। उधर, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दिल्ली हाई कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने शराब नीति मामले में अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया।

वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर वसूली करने का आरोप लगाया। आइये जानते हैं दिनभर का राजनीतिक घटनाक्रम...
कांग्रेस के अकाउंट्स फ्रीज
लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी गुरुवार को एक साथ मंच पर आए। प्रेस वार्ता में खड़गे ने इलेक्टोरल बॉन्ड को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी अकाउंट्स को फ्रीज कर दिया गया। वहीं, सोनिया गांधी ने कहा कि पीएम मोदी कांग्रेस को आर्थिक रूप से कमजोर करने की कोशिश करने में लगे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि अकाउंट फ्रीज होने से टिकट तक नहीं खरीद पा रहे हैं। यह हमारे लोकतंत्र को भी मौलिक रूप से प्रभावित करता है।
भाजपा का पलटवार
वहीं, कांग्रेस के सभी आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है। बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, 'अगर हम मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस को संक्षेप में कहें तो हम कह सकते हैं कि हार की पूरी हताशा में कांग्रेस पार्टी ने आज एक बहाना बनाया है।" वहीं, भाजपा नेता संबित पात्रा ने कहा कि अगर आप डिफॉल्टर हैं तो आपके साथ भी वैसा ही व्यवहार किया जाएगा।
केजरीवाल को बड़ा झटका
शराब नीति मामले में AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल को दिल्ली हाई कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने गिरफ्तारी से बचाने वाली याचिका को खारिज कर दिया है। वहीं, कोर्ट ने ईडी को भी फटकार लगाई कि बार बार इतने समन भेजे जा रहे हैं, तो सीधा गिरफ्तार क्यों नहीं करते। ईडी ने कोर्ट में मांगे गए सबूत पेश किए हैं। अब मामले में 22 अप्रैल को सुनवाई होगी।
भाजपा पर अखिलेश का तंज
कांग्रेस ने अकाउंट फ्रीज होने का आरोप लगाया है। जिस पर अब सियासी बयानबाजी भी शुरू हो गई है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि ये अकाउंट इसलिए फ्रीज हो रहे हैं क्योंकि भाजपा चंदा चोरी में सबसे आगे है। ये चंदा भी नहीं ये वसूली है। देश की जनता जान गई है कि वैक्सीन वालों से भी इन्होंने पैसा वसूला है। विपक्ष के लोगों को चंदा मिला है, भाजपा ने वसूली की है।












Click it and Unblock the Notifications