Cyclone Michaung: 'मिचौंग' ने धरा भयंकर रूप, अब तक 5 की मौत, जानिए अब तक के बड़े अपडेट्स
Cyclone Michaung Updates in Hindi: बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान 'मिचौंग' भयंकर रूप धारण कर चुका है। भारी बारिश और तेज़ हवाओं के कारण चेन्नई के कनाथूर में एक नवनिर्मित दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई है तो वहीं अलग-अलग मामलों को मिलाकर तूफान की वजह कुल पांच लोगों की लीला समाप्त हो चुकी है।

राज्य के कई जिलों में तूफानी हवाएं चल रही हैं। थंडैयारपेट , एन्नोर हाईवे में कई जगहों पर पेड़ गिर गए हैं तो वहीं दूसरी ओर कई स्थानों से बिजली गायब है। तमिलनाडु, पुदुचेरी और आंध्रप्रदेश के कई जिलों में आज अवकाश घोषित किया गया है तो वहीं चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम और चेंगलपट्टू जिलों में निजी कंपनियों के कर्मचारी आज Work From Home कर रहे हैं।
चेन्नई से 130 किलोमीटर दूर है तूफान
आशा जताई जा रही है कि साइक्लोन आज दोपहर बाद आंध्रप्रदेश के नेल्लोर और मछलीपट्टनम के बीच तट से टकराएगा और अभी ताजा स्थिति के मुताबिक ये चेन्नई से 130 किलोमीटर दूर है लेकिन इसका असर अभी से ही राज्य पर दिखने लग गया है। इस वक्त तमिलनाडु के कई जिलों में भारी बरसात हो रही है और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
बरसात की वजह से यहां के रनवे में पानी भर गया
चेन्नई में लगातार हो रही बरसात की वजह से एयरपोर्ट रनवे में पानी भर गया है और इस कारण चेन्नई एयरपोर्ट को आज दोपहर तक के लिए बंद कर दिया गया है और सोमवार रात 11 बजे तक सभी उड़ानें कैंसिल कर दी गई हैं।
चेन्नई के कई इलाकों में पानी भर गया है
ट्रेन की आवाजाही पर भी असर देखने को मिल रहा है। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के कई इलाकों में पानी भर गया है। हालांकि इसे हटाने का काम प्रशासन की तरफ से भी किया जा रहा है लेकिन इसके बावजूद अभी भी जनजवीन काफी प्रभावित है।
म्यांमार ने रखा तूफान का 'मिचौंग' नाम
मालूम हो कि इस बार के तूफान का नाम 'मिचौंग' म्यांमार की ओर से रखा गया है, जिसका अर्थ होता है 'दृढ़ता', फिलहाल ये तूफान काफी शक्तिशाली बताया जा रहा है जो कि दक्षिण के तटीय इलाकों पर अपना प्रभाव डालेंगे। इस तूफान पर केंद्र सरकार भी नजर बनाया हुआ है और उसने राज्य सरकारों से इस बारे में बातें भी की हैं।
कर्नाटक, केरल में भी बारिश का अलर्ट जारी
मालूम हो कि इस तूफान की वजह से कर्नाटक, केरल में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है और प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। आने वाले 24 घंटो इन राज्यों के लिए तूफान के मद्देनजर काफी अहम हैं और इसलिए सभी के लिए चेतावनी जारी गई है।












Click it and Unblock the Notifications