आज कश्मीर में सरकार की हो सकती है तस्वीर साफ
नई दिल्ली(विवेक शुक्ला) आज मुमकिन है कि जम्मू-कश्मीर में सरकार बनाने को लेकर कोई तस्वीर साफ हो जाए। हालांकि अभी कुछ भी साफ नहीं है कि वहां पर कौन किसके सहयोग से सरकार बनाएगा।

इस बीच,पीडीपी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती आज राज्यपाल से भेंट करने के लिए पहुंची है। हो सकता है कि वह उन्हें सरकार बनाने को लेकर अपनी भावी योजना के बारे में बताएंगी।
बीजेपी ने बताया धोखा
इस बीच, भाजपा ने पीडीपी के नेतृत्व में कांग्रेस-नेकां के साथ महागठबंधन की संभावना को राज्य के लोगों के साथ धोखा करार दिया है। बता दें कि कल मंगलवार भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने अचानक राज्यपाल एनएन वोहरा से मुलाकात की थी।
वहीं, पीपुल्स कांफ्रेंस के चेयरमैन सज्जाद लोन ने राज्य में एक स्थिर सरकार की वकालत करते हुए कहा वह भाजपा-पीडीपी या फिर नेकां-भाजपा गठबंधन को समर्थन देने के लिए तैयार हैं। भाजपा का किसी भी सत्तासीन गठबंधन में शामिल होने का फायदा राज्य के विकास में नजर आएगा। इसलिए उसका सरकार में होना जरूरी है।
नहीं खोले पत्ते
अभी तक अपने पत्ते न खोलने वाली पीडीपी व राज्यपाल की बैठक से ठीक एक दिन पहले राम माधव ने जम्मू राजभवन पहुंचकर सभी को चौंका दिया। माधव और राज्यपाल के बीच मुलाकात पर भाजपा ने चुप्पी साधी हुईहै। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष व सांसद जुगल किशोर भी राजभवन गए थे।
जुगल किशोर ने कहा कि राम माधव ने राज्यपाल से क्या बात की, उन्हें कुछ भी पता नहीं है। सरकार में पीडीपी, नेकां व कांग्रेस के महागठबंधन बनने की संभावना पर जुगल ने कहा कि अगर ऐसा होता है तो यह राज्यवासियों के हित में नहीं होगा।
जम्मू-कश्मीर में भाजपा की सरकार बनने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि हमें सबसे अधिक वोट मिले हैं, सरकार हमारी ही बनेगी। जानकारों ने बताया कि राज्य में राष्ट्रपति शासन की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता।












Click it and Unblock the Notifications