28 सितम्बर को कांग्रेस का हाथ थाम सकते हैं कन्हैया कुमार और जिग्नेश मेवानी
नई दिल्ली, 25 सितम्बर। भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी (सीपीआई) नेता कन्हैया कुमार और गुजरात से विधायक जिग्नेश मेवानी को लेकर बड़ी खबर आ रही है। ये दोनों नेता 28 सितम्बर को कांग्रेस में शामिल होने जा रहे हैं। समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से ये जानकारी दी है।
Recommended Video

पिछले कई दिनों से मीडिया में कन्हैया कुमार के कांग्रेस में शामिल होने को लेकर अटकलें चल रही थीं। हाल ही में कन्हैया कुमार की कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ मुलाकात ने इन अटकलों को और बल दिया था।
सूत्रों से जो जानकारी सामने आई थी उसके हवाले से ये भी कहा गया था कि इन दोनों नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने के पीछे पर्दे के पीछे से चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की भी बड़ी भूमिका रही है। राहुल गांधी से मुलाकात के पहले कन्हैया कुमार और प्रशांत किशोर के बीच भी मुलाकात हुई थी।
कांग्रेस में नए नेताओं की एंट्री
दरअसल कांग्रेस में प्रशांत किशोर को लाने पर अंदरखाने चर्चा तेज हो गई है। कांग्रेस नेताओं का एक धड़ा प्रशांत किशोर को पार्टी में चुनावी रणनीतिकार से आगे की जिम्मेदारी दिए जाने की सोच रहा है। इस धड़े की चाहत है कि प्रशांत किशोर बाहर रहकर सिर्फ चुनाव जिताने की भूमिका में रहने की जगह पार्टी को अंदर से मजबूत करने पर काम करें। प्रशांत किशोर की कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी मुलाकात हुई थी।
सूत्रों के मानें तो प्रशांत किशोर चाहते हैं कि उनके आने से पहले पार्टी में नए नेताओं की एंट्री हो जाए। प्रशांत किशोर ने राहुल गांधी को भी ये सलाह दी थी कि पार्टी में पुराने नेताओं का दौरा समाप्त हो रहा है और नए लोगों को पार्टी में जगह दी जानी चाहिए। कन्हैया कुमार और जिग्नेश मेवानी की पार्टी में एंट्री को इसी बदलाव से जोड़कर देखा जा रहा है।
सूत्रों की मानें तो पार्टी में शामिल होने के बाद दोनों नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है।












Click it and Unblock the Notifications