Anti-Muslim Tweet: बबीता फोगाट ने दिया जमातियों पर विवादित बयान, हुईं ट्रोल तो सपोर्ट में उतरे बजरंग पूनिया
नई दिल्ली । पूरा देश इस वक्त कोरोना संकट से जूझ रहा है, इस महामारी से पूरी तरह से जंग जारी है, देश में कोरोना मरीज बढ़ते ही जा रहे हैं और इसी वजह से 3 मई तक लॉकडाउन को बढ़ा भी दिया गया है लेकिन इसी बीच भारत की स्टार रेसलर बबीता फोगाट अपने एक ट्वीट की वजह से लोगों के बीच आलोचना के केंद्र में हैं और जमकर Twitter पर ट्रोल हो रही हैं।

'जमाती अभी भी पहले नंबर पर बना हुआ है'
दरअसल तमाम कोशिशों के बावजूद कोरोना के मरीजों की संख्या में इजाफा होने पर अर्जुन अवॉर्डी बबीता ने Twitter पर लिखा था कि कोरोना वायरस भारत की दूसरे नंबर की सबसे बड़ी समस्या है, जमाती अभी भी पहले नंबर पर बना हुआ है। गौरतलब है कि 2014 कॉमनवेल्थ गेम्स की गोल्ड मेडलिस्ट बबीता हाल में बीजेपी में शामिल हो गई थीं।
लोगों ने साधा बवीता पर निशाना
जिसके बाद वो लोगों के निशाने पर आ गईं और लोग उन्हें ट्रोल करने लगे और देखते ही देखते Twitter पर #ISupportBabitaPhogat ट्रेंड करने लगा। एक यूजर ने लिखा कि आपको एक मुस्लिम ने फिल्म बनाकर मशहूर कर दिया। इस देश में क्रिकेट छोड़ अन्य खिलाड़ी कई साल बाद गोलगप्पे बेचते नजर आए हैं।
'खिलाड़ी देश के लिए संघर्ष कर रहे हैं और आप क्या कर रहे हो'
बवीता के ट्रोल होने पर उनके सपॉर्ट में भारतीय पहलवान बजरंग पूनिया उतर आए हैं, उन्होंने Twitter पर लिखा, 'मिल्खा सिंह, मेरी कोम, पान सिंह तोमर, गीता और बबीता फोगाट, इन पर फिल्म इसलिए बनी क्योंकि वे इस योग्य थे। सरकार खिलाड़ी की आर्थिक स्थिति को सुधार रही है। खिलाड़ी देश के लिए संघर्ष कर रहे हैं और आप क्या कर रहे हो।'
जमातियों के जमावड़े के बाद बढ़े कोरोना के मरीज
गौरतलब है कि दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके की मरकज में तब्लीगी जमातियों के जमावड़े की घटना जब सामने आई तो उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तराखंड आदि विभिन्न राज्यों में इनकी कड़ियां जुड़ती चली गईं। शासन-प्रशासन ने सक्रियता के साथ राज्य में इनकी मौजूदगी तलाशनी शुरू की तो चौंकाने वाले नतीजे सामने आए। एक हफ्ते के अंदर कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या सुरसा के मुंह की तरह बढ़ने लगी। उसके बाद कई राज्यों में प्रशासन को ऐलान करना पड़ा है कि अगर जमातियों ने छुपने की कोशिश बंद नहीं की और पुलिस तथा स्वास्थ्य विभाग के समक्ष आकर अपनी स्वास्थ्य जांच के लिए खुद के प्रस्तुत नहीं किया तो छह अप्रैल के बाद उनके खिलाफ हत्या के प्रयास और हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर मुकदमा चलाया जाएगा।

अब तक 437 लोगों की मौत
तो वहीं स्वास्थ्य मंत्रालय भी ये कह चुका है कि देश में कोरोना के मरीजों की संख्या में इजाफा तब्लीगी जमातियों की वजह हुआ है, गौरतलब है कि देशभर में कोरोना वायरस के मामलों में इजाफा हुआ है। कोरोना वायरस से संक्रमित मामलों की संख्या बढ़कर अब 13,387 हो गई है। इस वायरस के संक्रमण से अब तक 437 लोगों की मौत हुई है, जबकि ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 1749 हो गई है। पिछले 24 घंटे में देशभर में कोरोना के 1007 मामले सामने आए हैं जबकि 23 नई मौतें हुई हैं।












Click it and Unblock the Notifications