COVID 19: देश में पिछले 24 घंटे में 13742 नए कोरोना केस आए सामने, सितंबर के बाद पहली बार बढ़े मामले
नई दिल्ली। कोरोना से जंग लड़ रहे देश में एक बार फिर से बढ़ते कोरोना मरीजों ने प्रशासन के सिर में दर्द पैदा कर दिया है। भारतीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 13,742 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,10,30,176 हो गई है, जबकि पिछले 24 घंटों में 104 लोग मौत के शिकार हुए हैं। नए आंकड़ों के बाद इस वक्त कुल मौतों की संख्या 1,56,567 हो गई है। अभी देश में एक्टिव केस 1,46,907 हैं और डिस्चार्ज हुए मामलों की संख्या 1,07,26,702 है। जबकि देश में कुल 1,21,65,598 लोगों को कोरोना वायरस की वैक्सीन लग चुकी है।

Recommended Video
आपको बता दें कि कल कोरोना के मामलों के बढ़ने का 9वां दिन था, जबकि मौतों का आंकड़ा भी तीन दिन बाद 100 के पार चला गया है, इससे पहले सितंबर 2020 में कोरोना के मामले बढ़ने की खबर सामने आई थी और उसके बाद से अब ये आंकड़ें सामने आए है।
5 राज्यों में स्थिति चिंताजनक
मालूम हो कि एक बार फिर से महाराष्ट्र, केरल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और पंजाब में कोरोना के मरीजों में इजाफा हुआ है, जिसके कारण सरकार ने सबको कड़ाई से कोरोना गाइडलाइन को फॉलो करने की हिदायत दी है। महाराष्ट्र में एकाएक बढ़ रहे मरीजो कीं संख्या पर रविवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे प्रदेश के लोगों को संबोधित करते हुए चेतावनी दी थी कि जरा सी ढिलाई किसी के लिए भी परेशानी पैदा कर सकती है इसलिए अगर कोरोना से बचने के लिए बनाई गई गाइडलाइंस का पालन लोग सख्ती से नहीं करेंगे तो राज्य में लॉकडाउन के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा।

तो वहीं कोरोना के नए वेरिएंट ने केंद्र और राज्य सरकारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। महाराष्ट्र और केरल में कोरोना वायरस के दो अन्य नए वेरिएंट का पता चला है।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि महाराष्ट्र और केरल में कोरोना वायरस के दो नए वेरिएंट का पता चला है। हालांकि अभी तक इस बात के सबूत नहीं मिले हैं कि दोनों राज्यों में बढ़ते मामलों की वजह ये दोनों वेरिएंट ही हैं। मौजूदा वक्त में केरल और महाराष्ट्र में कोरोना केस देश के कुल सक्रिय मामलों का 75 प्रतिशत हैं। अभी जो वेरिएंट मिले हैं, उनकी पहचान N440K और E484K के रूप में की गई है।












Click it and Unblock the Notifications