COVID-19 Update: नए वेरिएंट JN.1 ने बढ़ाई टेंशन! भारत में 69 एक्टिव केस, जानिए आपके शहर में कितने संक्रमित?
भारत में कोरोना के नए वेरिएंट जेएन.1 तेजी से अपने पैर पसार रहा। सबसे ज्यादा केस कर्नाटक में पाए गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से जारी आंकड़ों के मुताबिक, भारत में 25 दिसंबर तक कोविड के नए वेरिएंट जेएन.1 के 69 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें कर्नाटक टॉप पर है।
इससे पहले, यानी सोमवार को, भारत में एक दिन में 628 नए कोरोनोवायरस मामलों की वृद्धि देखी गई, जबकि एक्टिव केस 4,054 हो गए। केरल में 24 घंटे में एक मौत की खबर आई।

सूत्रों के मुताबिक, कर्नाटक से 34 मामले, महाराष्ट्र से 9, गोवा से 14, केरल से 6, तमिलनाडु से 4 और तेलंगाना से 2 मामले शामिल हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि देश में पिछले 24 घंटों में कोविड के कुल 116 नए मामले सामने आए। कर्नाटक में संक्रमण से तीन मौतें हुईं हैं। इसके साथ ही, अब देश में सक्रिय एक्टिव केस 4,170 हो गए हैं, जबकि वायरल बीमारी के कारण मरने वालों की कुल संख्या 5,33,337 तक पहुंच गई।
'सावधानी बरतें, लेकिन घबराए नहीं'
वेरिएंट पर टिप्पणी करते हुए, दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि कोविड का नया स्ट्रेन ओमिक्रॉन का एक सब-वेरिएंट है। इसके दो पहलू हैं। वे बहुत खतरनाक नहीं हैं। हम विभिन्न राज्यों में स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सावधानियां बरतने की जरूरत है, लेकिन घबराहट पैदा नहीं होनी चाहिए।
लक्ज़मबर्ग में सामने आया था पहला केस
आपको बता दें कि कोविड का जेएन.1 (बीए.2.86.1.1) सब-वेरिएंट अगस्त में लक्ज़मबर्ग में सामने आया। यह SARS COV2 के BA.2.86 वंश (पिरोला) का वंशज है। पिछले हफ्ते, नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. वीके पॉल ने कहा था कि भारत में वैज्ञानिक समुदाय नए कोविड सब-वेरिएंट की बारीकी से जांच कर रहा है और राज्यों को परीक्षण बढ़ाने और अपनी निगरानी प्रणालियों को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया है।












Click it and Unblock the Notifications