RIMS में भर्ती मरीज निकला Corona पॉजिटिव, लालू यादव ने खुद को किया क्वारंटाइन
रांची। राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव पर भी कोरोना संक्रमण का खतरा मंडरा गया है ,मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक उनकी भी कोरोना जांच हो सकती है, दरअसल, रांची निवासी 75 वर्षीय एक साधु कोरोना संक्रमित पाया गया, जिसका इलाज राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (रिम्स) के डॉ उमेश प्रसाद कर रहे हैं, डॉ उमेश प्रसाद ही चारा घोटाले में सजायाफ्ता लालू प्रसाद का भी इलाज कर रहे हैं। इस कारण उन पर भी कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।
Recommended Video

लालू यादव ने खुद को किया क्वारनटीन
साधु की सोमवार को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई, जिसके बाद उसे कोरोना वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। एक महीने से इलाज करा रहे बुजुर्ग की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर रिम्स में हड़कंप मच गया है, इस बारे में डॉ उमेश प्रसाद ने बताया है कि उन्होंने 22 अप्रैल से वार्ड का चार्ज लिया था। इस दौरान उन्होंने संक्रमित बुजुर्ग का इलाज किया था। डॉक्टर ने कहा कि वह पिछले दो दिनों से राजद सुप्रीमो के पास नहीं गए हैं, खबर ये भी है कि लालू ने हॉस्पिटल में ही खुद को क्वारनटीन कर लिया है।

रांची के रिम्स के पेइंग वार्ड में भर्ती हैं लालू
गौरतलब है कि चारा घोटाले मामले में सजायाफ्ता लालू प्रसाद यादव इस समय रांची के रिम्स के पेइंग वार्ड में भर्ती हैं, लॉकडाउन की वजह से लालू प्रसाद पिछले एक महीने से न तो किसी से मुलाकात कर पा रहे हैं और न ही वह अपने कमरे से बाहर निकल रहे हैं, लालू यादव पहले से ही कई बीमारियों से ग्रसित हैं, ऐसे में वो अपना विशेष ख्याल भी रख रहे हैं।

नहीं मिली लालू को पैरोल
मालूम हो कि लालू के स्वास्थ्य को देखते हुए कहा जा रहा था कि उन्हें कोरोना के खतरे के बीच पैरोल मिल सकती है लेकिन उच्च स्तरीय बैठक के बाद लालू प्रसाद के पैरोल पर चल रहा संशय खत्म हो गया क्योंकि बैठक में तय हुआ था कि आर्थिक आपराधिक और सात साल से ज्यादा सजा वालों को पैरोल नहीं दी जाएगी।
लालू के घरवाले काफी परेशान
लालू के घरवाले उनकी हेल्थ को लेकर काफी परेशान हैं, बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और राजद प्रमुख लालू के बड़े लाल तेज प्रताप यादव ने ट्विटर पर एक वीडियो भी शेयर किया था, जिसमें वो बेहद भावुक दिख रहे थे। तेज प्रताप यादव ने ट्विटर पर लिखा था कि पापा हमें आपकी जरूरत है और पूरे बिहार को भी है, Miss u Papa,उन्होंने एक के बाद एक कई ट्वीट कर अपने पिता को याद किया था।

अब तक 886 लोगों की मौत
बता दें कि स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 28,380 हो गई है। अब तक 886 मौतें हुई हैं। इस समय 21132 एक्टिव केस हैं यानि इन लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं 6362 मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं, यहां 3 मई तक का लॉकडाउन है, देश में कोरोना के बढ़ते खतरे के बीच सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की थी, जिसमें लॉकडाउन को आगे बढ़ाने वाली बात पर विचार किया गया।












Click it and Unblock the Notifications