ब्राजील को सप्लाई नहीं की जाएगी COVAXIN, भारत बायोटेक ने रद्द किया समझौता
नई दिल्ली, 23 जुलाई। कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ जारी लड़ाई के बीच कोवैक्सीन निर्माता कंपनी भारत बायोटेक ने ब्राजील के साथ वैक्सीन सप्लाई के कॉन्ट्रैक्ट को रद्द कर दिया है। भारत बायोटेक ने यह फैसला ब्राजील की सरकार ने समझौते में अनियमितताओं के आरोप लगने के बाद लिया है, शुक्रवार को कंपनी ने प्रेसिसा मेडिकामेंटोस और एनविक्सिया फार्मास्यूटिकल्स कंपनियों के साथ अपने समझौते को खत्म करने की बात कही।
Recommended Video


हालांकि भारत बायोटेक ने यह भी कहा कि वह वैक्सीन के लिए जरूरी मंजूरी प्रक्रिया को पूरा करने के लिए ब्राजील के दवा नियामक राष्ट्रीय स्वास्थ्य निगरानी एजेंसी (ANVISA) के साथ लगन से काम करना जारी रखेगी। गौरतलब है कि 30 जून को ब्राजील सरकार और भारत बायोटेक के बीच हुए दो करोड़ वैक्सीन डोज खरीदने के समझौते पर अनियमितताओं के आरोप लगने के बाद राष्ट्रपति जायर बोलसोनारो की सरकार ने करार को रद्द कर दिया था।
यह भी पढ़ें: दिल्ली के लोग Covaxin लगवाने में सबसे आगे, इन पांच राज्यों में कोवैक्सीन की नहीं पहुंची एक भी खुराक
राष्ट्रपति जायर बोलसोनारो के खिलाफ चल रही है भ्रष्टाचार की जांच
कोवैक्सीन के साथ समझौते में भ्रष्टाचार का आरोप झेल रहे ब्राजील के राष्ट्रपति जायर बोलसोनारो जांच का सामना कर रहे हैं। इसी महीने की शुरुआत में ब्राजील सर्वोच्च न्यायालय ने राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो को झटका देते हुए वैक्सीन घोटाले में उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों पर आपराधिक जांच की स्वीकृति दी थी। ब्राजील सरकार पर इस सौदे में लगे भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद भारत बायोटेक के कोवैक्सिन की 20 मिलियन खुराक खरीदने के सौदे को निलंबित कर दिया था। आरोपों के बीच हैदराबाद स्थित वैक्सीन निर्माता कंपनी ने बुधवार को एक बयान जारी किया और कहा था कि 29 जून तक ब्राजील सरकार से कोई अग्रिम भुगतान नहीं मिला है।












Click it and Unblock the Notifications