तेलंगाना विधानसभा चुनाव 2023 की उल्टी गिनती शुरू, जानें कब होगा तारीखों का ऐलान
तेलंगाना चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। इस बीच राज्य में ये अफवाह भी उड़ रही कि चुनाव आयोग 6 अक्टूबर को चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। अगर उस दिन घोषणा नहीं हुई, तो इसके 9 अक्टूबर को होने की उम्मीद है।
चुनाव आयोग की टीम ने इसको लेकर रिपोर्ट तैयार कर ली है। सूत्रों की मानें तो चुनाव कार्यक्रम जारी होने के 2 महीने के अंदर पूरी प्रक्रिया को निपटा लिया जाएगा। चुनाव आयोग भी 10 अक्टूबर से पहले शेड्यूल जारी करने के मूड में है। ऐसे में माना जा रहा कि जल्द ही तेलंगाना की जनता और राजनीतिक पार्टियों का इंतजार खत्म होगा।

खबरों की मानें तो चुनाव आयोग दिसंबर के दूसरे हफ्ते तक चुनाव कराने की तैयारी कर रहा है। वैसे तेलंगाना विधानसभा का कार्यकाल 16 जनवरी, 2024 को खत्म होगा। पिछले विधानसभा चुनाव में 7 दिसंबर 2018 को वोटिंग हुई थी, जबकि 17 जनवरी 2019 को सीएम और अन्य मंत्रियों ने शपथ ली थी। ऐसे में इस बार भी चुनाव की तारीख दिसंबर में होने की उम्मीद है।
वहीं तेलंगाना, छत्तीसगढ़, राजस्थान, मध्य प्रदेश और मिजोरम के चुनाव भी इस साल नवंबर-दिसंबर में होने की उम्मीद है। तेलंगाना में सत्तारूढ़ दल बीआरएस पहले से ही चुनाव की तैयारी कर रहा है। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होते ही आचार संहिता लागू हो जायेगी। ऐसे में केसीआर सरकार जनता को लगातार योजनाओं की सौगात दे रही है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हाल ही में सत्ताधारी बीआरएस ने एक आंतरिक सर्वेक्षण करवाया था, जिसमें पता चला कि वो सत्ता में वापस आ रही, जबकि कांग्रेस विपक्ष की भूमिका में रहेगी।
क्या था पिछले चुनाव का रिजल्ट?
तेलंगाना विधानसभा में कुल 119 सीटें हैं। जिसमें के. चंद्रशेखर राव की पार्टी बीआरएस ने 88 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस, तेलुगु देशम पार्टी, तेलंगाना जन समिति और वाम दलों का प्रजा कुटामी गठबंधन 21 सीटों पर सिमट गया। इसके अलावा बीजेपी 1 और ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने 7 सीटों पर जीत हासिल की।












Click it and Unblock the Notifications