अब तक 20917 कोरोना मरीज हुए ठीक, रिकवरी रेट 31.15 फीसदी हुआ: स्वास्थ्य मंत्रालय
नई दिल्ली। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने जानकारी दी है कि देश में कोरोना मरीजों के ठीक होने की दर 31.15 फीसदी हो गई है। सोमवार को अपनी प्रेस वार्ता में अग्रवाल ने बताया, अब तक कुल संक्रमित लोगों की संख्या 67,152 है। इसमें 20,917 का अब तक इलाज किया जा चुका है और ये रिकवर होकर घर लौट चुके हैं जबकि 44,029 एक्टिव केस हैं। बीते 24 घंटों में 4213 नए केस सामने आए और 1569 मरीज ठीक हुए हैं। जिसके बाद देश में कोरोना मरीजों का रिकवरी रेट 31.15 फीसदी हो गया है।
Recommended Video

स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में 97 लोगों की मौत हुई है। जिसके बाद देश में भारत में कोविड-19 संक्रमण से होने वाली मौतों की संख्या 2206 हो गई है। वहीं कोविड-19 पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 67,152 हो चुकी है।
लव अग्रवाल ने कहा कि डिस्चार्ज नीति को बदल दिया गया है क्योंकि कई देशों ने अपनी नीति में टेस्ट-आधारित रणनीति और समय-आधारित रणनीति में बदलाव किए हैं। हमने भी इस आधार पर बदलाव किए हैं। संशोधित दिशा-निर्देशों के अनुसार वे लोग लक्षण दिखने या जांच के लिए नमूने देने की तारीख (जिनमें लक्षण नहीं दिखे उनके लिए) के 17 दिन बाद कोरोना वायरस की जांच कराए बिना अपना क्वारंटीन समाप्त कर सकते हैं, अगर उन्हें 10 दिन में बुखार नहीं आया हो। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन लोगों में कोविड-19 के लक्षण नजर आ रहे हैं, वे स्वयं इसकी जानकारी प्रशासन को दें ताकि उनके जरिए संक्रमण अन्य लोगों में ना फैले।
महाराष्ट्र राज्य में कोरोना वायरस का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला है। महाराष्ट्र में कोविड-19 के कुल 22171 पॉजिटिव केस अब तक मिल चुके हैं। राज्य में अब तक सबसे अधिक 832 लोगों की जान जा चुकी है। महाराष्ट्र के बाद सबसे ज्यादा गुजरात प्रभावित है। गुजरात में कोरोना वायरस के अब तक 8194 मामले हैं और 493 लोगों की मौत हो चुकी है। तमिलनाडु में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या 7204 है। यहां इस महामारी से 47 की मौत हुई है। राजधानी दिल्ली में 6923 लोग संक्रमित हैं और 73 मौत हुई हैं। राजस्थान में 3814 लोगों में संक्रमण मिला है और 107 मौतें हुई हैं। वहीं मध्य प्रदेश में 3614 केस आए हैं और 215 लोगों की मौत हुई है।












Click it and Unblock the Notifications