कोरोना वायरस: कर्नाटक में एक दिन में रिकॉर्ड 31 हजार से ज्यादा नए मामले
बेंगलुरू, 27 अप्रैल: कर्नाटक में आज कोरोना संक्रमण के नए मामलों का रिकॉर्ड बन गया है। मंगलवार को कर्नाटक के स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया है कि बीते 24 घंटे में राज्य में कोरोना संक्रमित 31,830 नए मरीज मिले हैं और 180 मौतें हुई हैं। ये पहली बार है जब कर्नाटक में एक दिन में 31 हजार से ज्यादा केस आए हों। कर्नाटक में कोरोना के कुल मामले अब 14,00,775 हो गए हैं।

कर्नाटक में कोरोना वायरस से संक्रमितों मरीजों की संख्या बढ़कर 14 लाख के पार जा चुकी है। कर्नाटक में 2,063 लोग कोविड-19 बीमारी के चलते आईसीयू में भर्ती है। राज्य में संक्रमण की दर 18.71 फीसदी है। कर्नाटक सरकार ने कोरोना को देखते हुए कई तरह की पाबंदियां भी राज्य में लगाई हैं। हालांकि राज्य में वायरस के फैलने का सिलसिला जारी है।
देश में तेजी से बढ़ रहे हैं कोरोना के मामले
भारत में कोरोना की दूसरी लहर इस समय कहर मचा रही है। देश में एक हफ्ते से हर रोज तीन लाख से ज्यादा नए मामले सामने आ रहे हैं। वहीं ऑक्सीजन की कमी और अस्पतालों में जगह ना होने की वजह से मरीज बहुत ज्यादा परेशान हैं। मंगलवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि बीते 24 घंटे में देश में कोरोना के 3.23 लाख नए केस सामने आए जबकि इस दौरान 2772 लोगों की मौत कोरोना से हो गई। इससे पहले सोमवार को 3.53 लाख नए केस सामने आए थे और 2800 से ज्यादा मरीजों की मौत हुई थी। देश में कोरोना से संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 1,76,36,307 पहुंच गया है। अब तक 1,97,894 मरीजों की मौत कोरोना वायरस से हो चुकी है। इस समय देश में कोरोना के 28,82,204 एक्टिव मरीज हैं।












Click it and Unblock the Notifications