Coronavirus: केरल में सामने आया कोरोना वायरस का पहला पॉजिटिव केस, वुहान से लौटा था छात्र
Recommended Video
नई दिल्ली। चीन में कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है, इस खतरनाक वायरस ने अब तक 170 लोगों की जान ले ली है। वहीं, चीन के अलावा कोरोना वायरस का खतरा दुनिया के बाकी देशों में भी बढ़ता दिख रहा है, जिनमें भारत भी शामिल है। इस बीच, केरल में कोरोना वायरस का एक पॉजिटिव केस सामने आया है। ये छात्र चीन के वुहान विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहा था। फिलहाल, मरीज की हालत स्थिर बताई जा रही है।

राज्य की स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा ने कहा कि जो यात्री चीन से लौट रहे हैं, उन्हें स्वास्थ्य विभाग को रिपोर्ट करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमने निजी सहित सभी अस्पतालों को कोरोना वायरस के संदिग्ध लक्षणों के साथ आने वाले मरीजों की निगरानी के लिए निर्देशित किया है।
इसके अलावा, कोरोना वायरस के गुजरात में भी दो संदिग्ध केस सामने आए हैं। यहां वडोदरा के एसएसजी अस्पताल में दो ऐसे मरीज लाए गए हैं। इसके पहले देश की राजधानी दिल्ली में भी तीन संदिग्ध मामले सामने आए थे। चीन के वुहान से निकला कोरोना वायरस अब दुनिया के 16 देशों को गिरफ्त में ले चुका है। भारत में भी कुछ शहरों में इसके लक्षण देखे गए हैं। ताजा मामले में गाजियाबाद में 27 साल की लड़की में भी वायरस के लक्षण देखे गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से इस वायरस की वजह से एक नया हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। यह नंबर 24 घंटे ऑपरेशनल रहेगा और लोगों को कोई भी समस्या होने पर वह इस पर कॉल कर सकते हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को यह हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। 011-23978046 यह नंबर राष्ट्रीय स्तर पर बनाए गए उस कंट्रोल रूम का है जिसे कोरोना वायरस से निबटने के लिए तैयार किया गया है।
इस नंबर पर लोग वायरस से जुड़ी हर जानकारी हासिल कर सकते हैं। मंत्रालय ने कहा है कि किसी को भी अगर गाइडेंस, मदद और तकनीकी मसलों से जुड़े कोई जवाब चाहिए तो वह इस पर कॉल कर सकता है। पिछले दिनों इस वायरस के खतरनाक स्तर पर पहुंचने के बाद बीजिंग में भारतीय दूतावास की ओर से भारत आने वाले पर्यटकों को एडवाइजरी जारी की गई थी।












Click it and Unblock the Notifications