कोरोना टेस्ट किट, वेंटीलेटर, मास्क, पीपीई पर सीमा शुल्क, स्वास्थ्य उपकर से छूट
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने वेंटिलेटर, फेस मास्क, सर्जिकल मास्क, पीपीई, कोरोना परीक्षण किट और इन्हें बनाने के लिए जरूरी इनपुट्स पर टैक्स में छूट दी है। मूल सीमा शुल्क और हेल्थ सेस में छूट दी गई है। इन सामानों के विनिर्माण में काम आने वाली सामग्री के आयात पर भी यह छूट लागू होगी। इन सामानों पर मूलभूत सीमा शुल्क में यह छूट इस साल 30 सितंबर तक उपलब्ध रहेगी। गुरुवार को सरकार की ओर से ये जानकारी दी गई है।

वेंटीलेटर, सर्जिकल और फेस मास्क, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण और कोविड-19 की जांच किट के आयात पर सीमा शुल्क और स्वाथ्य उपकर हटा दिया है। सरकार के इस कदम का मकसद देश में इन उपकरणों की उपलब्धता को बढ़ाना है। राजस्व विभाग की ओर से जारी बयान में कहा गया है, कोरोना वायरस की मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखते हुये देश में वेंटीलेटर्स और दूसरी सामग्री की जरूरी आवश्यकता पर विचार के बाद केन्द्र सरकार ने इन सामानों पर स्वास्थ्य उपकर और मूल सीमा शुल्क से छूट दे दी है।
कोरोना वायरस पूरी दुनिया में इस समय कहर बरपा रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 5734 हो गई है। अब तक कुल 166 लोगों की मौत इस वायरस से हुई है। इस समय देश के अलग-अलग अस्पतालों में 5095 कोरोना संक्रमितों का इलाज चल रहा है और 473 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दी गई है। दुनिया में इस वायरस से पीड़ितों की संख्या 15 लाख को पार कर गई है। वहीं अब तक 89 हजार से ज्यादा लोगों की जान ये वायरस ले चुका है। करीब 3 लाख 37 हजार लोग अब तक इस बीमारी से रिकवर कर चुके हैं। 11 लाख से ज्यादा लोग अभी भी इसकी चपेट में हैं।












Click it and Unblock the Notifications