गुजरात-मध्य प्रदेश में कोरोना ने बढ़ाई टेंशन, इंदौर में सामने आए 244 नए मामले
नई दिल्ली। कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में इजाफा जारी है। महाराष्ट्र में जहां कोरोना के मामलों की संख्या 3000 के पार जा पहुंची है वहीं, मध्य प्रदेश और गुजरात में भी संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। गुरुवार को मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस के 361 नए मामले सामने आए, जिसमें से अकेले इंदौर में कोरोना के 244 मामले सामने आए और 8 मरीजों की मौत हुई है। इस तरह इंदौर में मरने वालों की संख्या 47 हो गई है।

मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस के कारण 53 लोगों की मौत हुई है जबकि 64 लोग इसके संक्रमण से उबर चुके हैं। पिछले कुछ दिनों से मध्य प्रदेश में कोरोना के बढ़ रहे मामलों ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। इंदौर में कोरोना का कहर थमता नजर नहीं आ रहा है। वहीं, गुजरात में भी कोरोना के मामलों में तेजी से इजाफा हुआ है और राज्य में संक्रमित मरीजों की संख्या 929 तक जा पहुंची है। गुजरात में कल कोरोना के 58 नए केस सामने आए हैं।
वहीं, कोरोना से राज्य में ठीक होने वालों की संख्या 73 जा पहुंची है। अन्य राज्यों की बात करें तो तमिलनाडु में कोरोना वायरस के 1,267 मामले सामने आए हैं और राज्य में इस वायरस के संक्रमण के कारण 15 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा राजस्थान में कोरोना के 1,131 मामले सामने आए हैं और तीन मरीजों की मौत हुई है।
देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मामलों की संख्या बढ़कर अब 13,387 हो गई है। इस वायरस के संक्रमण से अबतक 437 लोगों की मौत हुई है, जबकि ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 1749 हो गई है। पिछले 24 घंटे में देशभर में कोरोना के 1007 मामले सामने आए हैं जबकि 23 नई मौतें हुई हैं। राजधानी दिल्ली में अबतक कोरोना वायरस के 1,640 मामले सामने आए हैं और 38 लोगों की मौत हुई है।












Click it and Unblock the Notifications