मोदी के सामने बांटा गया अरुणाचल का विवादित नक्शा, कांग्रेस ने मांगा जवाब
नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कांग्रेस एक बार फिर से हमलावर हो गई है। अरुणाचल प्रदेश के विवादित नक्शे को लेकर कांग्रेस ने नरेन्द्र मोदी पर हमला किया है। दरअसल अहमदाबाद में 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी चिन फिंग की मौजूदगी में गुजरात सरकार की ओर अरुणाचल प्रदेश और अक्साई चिन को विवादित क्षेत्र बताने वाला भारत का नक्शा बांटा गया।
वो विवादित नक्शा चीन और गुजरात सरकार के बीच एमओयू साइन होने के ठीक बाद जारी किया गया। इस मामले पर अब खूब हंगामा हो रहा है। कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने भारत का विवादित नक्शा जारी करने के इस मुद्दे को उठाया।
कांग्रेस ने इसके लिए गुजरात सरकार पर आरोप लगाते हुए मोदी से जबाव मांगा है। सिंघवी ने कहा कि 17 सितंबर को चीन और गुजरात सरकार के बीच समझौते के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में जारी किया गया, जो एक गंभीर बात है।
इतना ही नहीं सिघंवी ने आरोप लगाया कि मोदी ने अरुणाचल के बीजेपी नेता और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरेन रिजिजू को जानबूझकर दूर रखा। अरुणाचल के कांग्रेस सांसद निनोंग एरिंग ने भी इस विवादित नक्शे को चीन के साथ एमओयू साइन करने के दौरान जारी करने को लेकर सवाल उठाया।