Rajasthan: कांग्रेस ने जारी की 152 उम्मीदवारों की लिस्ट, सचिन पायलट-गहलोत यहां से लड़ेंगे चुनाव
नई दिल्ली। राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में कुल 152 उम्मीदवारों को टिकट दिया गया है। इस लिस्ट में तमाम दिग्गज कांग्रेसी नेताओं के नाम शामिल हैं। राजस्थान विपक्ष के नेता सचिन पायलट और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को भी उम्मीदवार बनाया गया है। सेंट्रल इलेक्शन कमेटी की लंबी बैठक और तमाम नेताओं के साथ मंथन के बाद पार्टी ने उम्मीदवारों की यह लिस्ट जारी की है।

तमाम मंथन के बाद फैसला
तमाम नेताओं की बैठक और उम्मीदवारों के नामों के मंथन के बाद यह फैसला लिया गया कि सचिन पायलट जोकि राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुखिया भी हैं, वह टोंक से कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे, जबकि अशोक गहलोत अपनी घरेलू सीट सरदारपुरा विधानसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार होंगे। वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेता सीपी जोशी और गिरिराज व्यास को भी टिकट दिया गया है। सीपी जोशी नाथद्वारा सीट से और गिरिराज व्यास उदयपुर विधानसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार होंगे।

पूर्व भाजपा नेता को भी टिकट
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व नेता और राजस्थान पुलिस के पूर्व अधिकारी हरीश मीणा, जिन्होंने हाल ही में कांग्रेस का दामन थामा है उन्हें भी टिकट दिया गया ह। वह देओली-उनियारा विधानसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार होंगे। साथ ही अर्जुन अवार्ड विजेता कृष्ण पुनिया को पार्टी ने सादुलपुर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। इससे पहले भारतीय जनता पार्टी ने भी गुरुवार को उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी की थी, जिसमे कई दिग्गज चेहरों को नहीं शामिल किया गया था।

7 दिसंबर को है चुनाव
गौरतलब है कि राजस्थान में 7 दिसंबर को विधानसभा चुनाव होना है। प्रदेश में विधानसभा की कुल 200 सीटें हैं। यहां मतों की गणना 11 दिसंबर को होगी। इस बार चुनाव में एक तरफ जहां भाजपा अपनी पूरी ताकत दोबारा सत्ता में वापसी के लिए झोंक रही है तो दूसरी तरफ कांग्रेस प्रदेश में मजबूत स्थिति में दिख रही है।
इसे भी पढ़ें- Rajsthan: भाजपा की लिस्ट से कई दिग्गज नदारद, विपक्षी भी अचंभे में












Click it and Unblock the Notifications