Cambridge Analytica: राहुल गांधी ने किया भाजपा पर बड़ा हमला, कहा: चालू है इनकी झूठ की फैक्ट्री
नई दिल्ली। कैंब्रिज एनालिटिका मामले में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि भाजपा की झूठ की फैक्ट्री काम पर है। राहुल ने एक खबर साझा करते हुए लिखा है कि - 'भाजपा की झूठ की फैक्ट्री काम पर है। पत्रकार इस पर स्टोरी कर रहे हैं कि कैसे साल 2012 में कांग्रेस को नाकाम करने और उसमें घुसपैठ करने के लिए कैंब्रिज एनालिटिका को पैसे दिए गए थे। भाजपा कैबिनेट मंत्री को झूठ और फर्जी खबरें फैलाने के लिए दौड़ाती है कि कांग्रेस ने CA के साथ काम किया। असली खबरें सब खराब कर देती है।'

नकवी ने कहा था...
इससे पहले राहुल गांधी के फेसबुक डाटा चोरी मामले में भाजपा नेताओं के कांग्रेस पर आरोपों को इराक में भारतीयों की हत्या से ध्यान हटाने की कोशिश बताने पर भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने इसे बेअक्ली कहा था। अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने गुरुवार को संसंद परिसर में कहा था कि राहुल गांधी अक्ल से बिल्कुल पैदल हैं क्या? जो वो इस तरह की बात कर रहे हैं। किसी भारतीय का डाटा अगर चुराया गया है तो जो लोग इसमें शामिल हैं, उनको सजा मिलनी चाहिए। इससे राहुल गांधी को कोई परेशानी है क्या?

ये है मामला
फेसबुक से यूजर्स का डाटा चुराकर उसका इस्तेमाल चुनाव अभियानों में करने की आरोपी कंपनी कैंब्रिज ऐनालिटिका की सेवाएं लेने को लेकर कांग्रेस और भाजपा के एक-दूसरे पर आरोप के बाद राजनीति गर्माई हुई है। दोनों ही पार्टियों के नेताओं ने कई आरोप एक-दूसरे पर जड़े हैं। भाजपा ने कहा हैं कि कांग्रेस ने इस कंपनी की सेवाएं लीं तो वहीं कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा कि जदयू नेता का बेटा ही भारत में इसको देखता है और राजनाथ सिंह इसकी सेवाएं ले चुके हैं। इस कंपनी ने ही अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप के लिए काम किया था।

विशंकर प्रसाद की तुलना एडोल्फ हिटलर के करीबी से
वहीं कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद की तुलना एडोल्फ हिटलर के करीबी और उसके लिए प्रोपेगेंडा करने वाले पॉल जोसेफ गोबेल्स से की थी। गोबेल्स को हिटलर के पक्ष में प्रोपेगेंडा करने और विरोधियों के खिलाफ दुष्प्रचार करने के लिए जाना जाता है। सुरजेवाला ने गुरुवार को कहा था कि रविशंकर प्रसाद जिस तरह से फेसबुक डाटा लीक मामले में कांग्रेस का नाम उछाल रहे हैं, उसमें कोई सच नहीं है। सुरजेवाला ने कहा कि हिटलर के पास गोएबल्स नाम का सहयोगी था, मोदी जी के पास रविशंकर प्रसाद हैं।












Click it and Unblock the Notifications