'लोकसभा के रण' से पहले खड़गे की नई टीम का ऐलान, सचिन पायलट-शशि थरूर सहित कई नेताओं को जगह
Congress Working Committee: कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को पहली बार अपनी शीर्ष निर्णय लेने वाली संस्था नई कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) गठन किया है।
अक्टूबर 2022 में मल्लिकार्जुन खड़गे ने अध्यक्ष पद संभाला था, जिसके बाद अब उन्होंने कांग्रेस कार्य समिति का गठन किया है।

39 सदस्यों को लिस्ट जारी
नई कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) में 39 सदस्य शामिल हैं, और इसका गठन मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में महत्वपूर्ण विधानसभा चुनावों से कुछ महीने पहले किया गया है।
कांग्रेस वर्किंग कमेटी की सूची में गांधी परिवार के सदस्य (सोनिया, राहुल और प्रियंका) के अलावा कांग्रेस नेता सचिन पायलट, शशि थरूर, नसीर हुसैन, अलका लांबा, सुप्रिया श्रीनेत, प्रणीति शिंदे, पवन खेड़ा, गणेश गोदियाल, यशोमती ठाकुर को शामिल किया गया है।
रविवार को जारी सीडब्ल्यूसी सदस्यों की सूची में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री पी चिदंबरम, लोकसभा सांसद शशि थरूर, राज्यसभा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री जैसे पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हैं।
चन्नी, एके एंटनी और दिग्विजय सिंह भी शामिल
अन्य प्रमुख नामों में केरल के पूर्व सीएम एके एंटनी, मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, पंजाब के पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी, लोकसभा सांसद गौरव गोगोई और कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल शामिल हैं।
कुल 39 लोगों में से केवल तीन सदस्य 50 वर्ष से कम उम्र के हैं, जिनमें सचिन पायलट, गौरव गोगोई और कमलेश्वर पटेल का नाम हैं।
समिति में जगह मिलने पर क्या बोले शशि थरूर
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि मुझे कांग्रेस कार्य समिति का पूर्ण सदस्य बनाने के कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व के फैसले से सम्मानित महसूस हो रहा है। मैं इसके लिए बहुत आभारी हूं कि अपने सहयोगियों के साथ इस प्रमुख संस्थान का हिस्सा बनें। मेरा कहना है कि हममें से कोई भी उन लाखों प्रतिबद्ध पार्टी कार्यकर्ताओं के बिना वास्तव में कुछ भी हासिल नहीं कर सकता है जो पार्टी की जीवनरेखा हैं।"
नाराज सचिन पायलट को मिली जगह
राजस्थान के नाराज नेता सचिन पायलट को इस साल के अंत में राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस कार्य समिति में जगह मिल गई है। सूत्रों के अनुसार पायलट को किसी बड़े राज्य का प्रभारी बनाए जाने की संभावना है। सचिन पायलट के अलावा शशि थरूर (जो पिछले साल कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ चुनाव लड़े थे) को भी जगह मिली है।












Click it and Unblock the Notifications