शशि थरूर को जन्मदिन पर अमित शाह ने कॉल कर दी बधाई, PM ने भेजा पत्र
नई दिल्ली, 09 मार्च: कांग्रेस नेता शशि थरूर ने बुधवार को कहा किउन्हें जन्मदिन के अवसर पर केंद्रीय मंत्री अमित शाह का सरप्राइज फोन आया। उन्होंने मुझे जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। दरअसल कांग्रेस नेता को केंद्रीय गृह मंत्री से कॉल की उम्मीद नहीं थी। शशि थरूर ने ये जानकारी ट्वीट कर दी। यही नहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शशि थरूर को उनके जन्मदिन के अवसर पर पत्र भेजकर बधाई दी है।

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने अमित शाह की कॉल की जानकारी देते हुए लिखा कि, गृह मंत्री अमित शाह द्वारा मेरे जन्मदिन पर मुझे बधाई देने के लिए एक टेलीफोन कॉल एक सरप्राइज और दिल को छू जाने वाला है। 66 साल के होने पर कुछ खास होना चाहिए! शुभकामनाओं के लिए आभार! वहीं थरूर ने पीएम मोदी से मिली चिट्ठी को शेयर करते हुए लिखा कि, नरेंद्र मोदी जी से प्राप्त हुईं विचारशील शुभकामनाएं से अभिभूत हूं।

थरूर को लिखे अपने पत्र में पीएम मोदी ने थरूर के लिए शांति और खुश की प्रार्थना की। उन्होंने पत्र में लिखा है, "जन्मदिन अतीत की यादों को ताजा करने का एक विशेष अवसर होता है। साथ ही यह वह दिन भी होता है जो हमें अपने परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को नए उत्साह के साथ निभाने के लिए प्रेरित करता है। बता दें कि, कांग्रेस नेता को पहले पीएम मोदी और भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी के जन्मदिन पर बधाई देने पर ट्विटर पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था।
इसके बाद आलोचकों को जवाब देते हुए शशि थरूर ने कहा था कि लाल कृष्ण आडवाणी को मेरी ओर से जन्मदिन की बधाई पर हो रहे विरोध से मैं स्तब्ध हूं। क्या हमारे राजनीतिक मार्ग से सभ्यता बिल्कुल समाप्त हो गई है? गांधीजी ने हमें अपने राजनीति प्रदिद्वंद्वियों को भी सम्मान देना सिखाया था। ऐसा लगता है कि अब ऐसा करना मुझे संघियों का हमदर्द बना देता है। 'हां, मैं आडवाणी और नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन पर बधाई देना जारी रखूंगा और इस बात का विरोध करता रहूंगा कि राजनीतिक रूप से वह क्या करते हैं। मेरा 40 साल का लेखन इस बात को स्पष्ट करता है कि मैं किस चीज में विश्वास करता हूं। जिन्होंने मुझे पढ़ा नहीं है केवल वही मुझे संघी कह सकते हैं। मैं उनके लिए अपने मूल्य नहीं छोड़ूंगा।












Click it and Unblock the Notifications