'मोदी की हत्या के लिए तैयार रहो', बयान देने वाले राजा पटेरिया पर नरोत्तम मिश्रा ने दिए FIR के निर्देश
राजा पटेरिया कांग्रेस के पूर्व विधायक हैं। उन्होंने 1998 में हट्टा विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल की। 1998 से 2003 तक वह दिग्विजय सिंह सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे हैं।

Recommended Video

Raja Pateriya controversy Remarks: मध्य प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजा पटेरिया को एक वायरल वीडियो में कथित तौर पर यह कहते हुए सुना कि संविधान को बचाने के लिए जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हत्या के लिए तैयार रहना चाहिए। राजा पटेरिया के इस बयान पर विवाद मच गया है। कई भाजपा समर्थकों द्वारा मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री राजा पटेरिया की गिरफ्तारी की मांग की गई। हालांकि विवाद बढ़ने के बाद राजा पटेरिया ने कहा है कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया था और उनका मतलब मोदी को हराने से था। अब भाजपा के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने राजा पटेरिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में राजा पटेरिया को एक ग्रामीण क्षेत्र में एक छोटी सभा को संबोधित करते हुए देखा जा सकता है। जहां राजा पटेरिया जनता से कहते हैं, ''मोदी लोगों को धर्म, जाति और भाषा के नाम पर बांटेंगे। अल्पसंख्यकों और आदिवासियों का भविष्य संकट में है। अगर आप संविधान को बचाना चाहते हैं, उन्हें हराने की भावना से मोदी की 'हत्या' के लिए तैयार रहें।''
कांग्रेस नेता राजा पटेरिया ने बाद में अपनी टिप्पणी पर सफाई दी और कहा कि हत्या से उनका मतलब उन्हें चुनावी मुकाबले में हराना है। उन्होंने खुद को महात्मा गांधी की अहिंसा की विचारधारा का पालन करने वाला व्यक्ति बताया। राजा पटेरिया ने कहा कि अल्पसंख्यकों की रक्षा के लिए मोदी को हराना जरूरी है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कथित तौर पर मध्य प्रदेश के पन्ना के एक पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है। नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि टिप्पणी से साबित होता है कि मौजूदा कांग्रेस मुसोलिनी की विचारधारा पर है, महात्मा गांधी की विचारधारा पर नहीं।












Click it and Unblock the Notifications