कर्नाटक में 24 लोगों की मौत पर बोले राहुल गांधी- सिस्टम के जागने से पहले और कितनी पीड़ा सहनी पड़ेगी?
नई दिल्ली, मई 3। कर्नाटक के चामराजनगर में एक जिला अस्पताल के अंदर ऑक्सीजन समय पर नहीं मिलने की वजह से 24 मरीजों ने दम तोड़ दिया। इसमें अधिकतर कोरोना संक्रमित थे। इस घटना को लेकर अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बीजेपी की सरकार को आड़े हाथ लिया है। राहुल गांधी ने ट्विटर पर इस खबर का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा है,"ये मौत है या फिर हत्या? मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं हैं, इस सिस्टम के जागने के लिए और कितनी पीड़ा सहनी पड़ेगी?

राहुल गांधी ने वैक्सीनेशन को लेकर साधा निशाना
इससे पहले राहुल गांधी ने एक और ट्वीट कर वैक्सीनेशन को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि सरकार की 'नीतिगत पंगुता' से कोरोना के खिलाफ जंग नहीं जीती जाएगी। राहुल गांधी ने केंद्र की नीतियों को वायरस के खिलाफ लड़ाई में निष्फल करार दिया।
कांग्रेस ने येदियुरप्पा के इस्तीफे की उठाई मांग
आपको बता दें कि कर्नाटक में हुई घटना को लेकर कांग्रेस पार्टी ने येदियुरप्पा सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। राज्य में कांग्रेस प्रभारी और पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा है कि इस घटना के बाद तो येदियुरप्पा को इस्तीफा दे देना चाहिए, क्योंकि राज्य सरकार की लापरवाही के ही कारण ये मौतें हुई हैं, स्वास्थ्य मंत्री को भी इस्तीफा दे देना चाहिए।
क्या है कर्नाटक की पूरी घटना?
चामराजनगर जिला अस्पताल में बीती रात 24 मरीजों की ऑक्सीजन की कमी के कारण मौत हो गई। इनमें से कुछ कोरोना मरीज भी बताए जा रहे हैं। दरअसल, जिस अस्पताल में ये हादसा हुआ है, उसे बेल्लारी से ऑक्सीजन की सप्लाई होनी थी, लेकिन सप्लाई में देरी हुई, जिसके बाद 24 मरीजों की मौत हो गई। हादसे के बाद मैसूर से चामराजनगर के लिए ढाई सौ ऑक्सीजन सिलेंडर भेजे गए। वहीं जिन लोगों ने जान गंवाई है, वो वेंटिलेटर पर थे।












Click it and Unblock the Notifications