पी चिदंबरम को जमानत मिलने के बाद राहुल गांधी ने कही ये बात
नई दिल्ली। आईएनएक्स मीडिया मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूर्व वित्त मंत्री और कांग्रेस पार्टी के सीनियर नेता पी. चिदंबरम को बुधवार को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई। इसके बाद आज देर शाम वे तिहाड़ जेल से बाहर आ गए। पी चिदंबरम को जमानत मिलने के बाद राहुल गांधी की प्रतिक्रिया आई है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम को 106 दिन तक कैद रखना बदले की कार्रवाई थी।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने चिदंबरम को जमानत मिलने पर खुशी जाहिर की है। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, 'पी चिदंबरम को 106 दिन कैद में रखना बदला लेने जैसा था। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी है, जिसकी मुझे खुशी है। मुझे भरोसा है कि निष्पक्ष सुनवाई में वह अपनी बेगुनाही साबित करेंगे। कांग्रेस पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर कहा, आखिरकार सच की जीत हुई। सत्यमेव जयते।
Mr P Chidambaram’s 106 day incarceration was vengeful & vindictive. Im glad that the SC has granted him bail. Im confident that he will be able to prove his innocence in a fair trial.
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) December 4, 2019
इससे पहले चिदंबरम के बेटे और कांग्रेस सांसद कार्ति ने पिता को जमानत मिलने पर खुशी जताते हुए कहा कि आखिर 106 दिनों के बाद जमानत मिल गई। दूसरी तरफ, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने कहा, न्याय में देरी अन्याय है। यह काफी पहले ही मिलना चाहिए था। पार्टी प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने भी चिदंबरम को जमानत मिलने का स्वागत किया और कहा कि लंबी प्रतीक्षा के बाद यह हुआ है।
74 वर्षीय कांग्रेस नेता 21 अक्टूबर से हिरासत में थे। उन्हें केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने आईएनएक्स मीडिया भ्रष्टाचार मामले में गिरफ्तार किया था। प्रवर्तन निदेशालय ने उन्हें 16 अक्टूबर को धनशोधन के आरोप में गिरफ्तार किया था।












Click it and Unblock the Notifications