मोदी सरकार के खिलाफ एक और अविश्वास प्रस्ताव, कांग्रेस ने दिया नोटिस
नई दिल्ली। क्या मोदी सरकार की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं? ये सवाल इसलिए क्योंकि कांग्रेस पार्टी ने मोदी सरकार के खिलाफ लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी की है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने लोकसभा के सेकेट्री जनरल को पत्र लिखकर केंद्र सरकार के खिलाफ 27 मार्च को अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया है। कांग्रेस तीसरी पार्टी है जिसने केंद्र के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया है। इससे पहले वाईएसआर कांग्रेस और टीडीपी ने भी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया है। हालांकि लोकसभा की कार्रवाई बाधित होने के वजह से दोनों ही पार्टियां अविश्वास प्रस्ताव सदन में नहीं ला सकी हैं। इस बीच कांग्रेस की ओर से लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी की गई है।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिया नोटिस
कांग्रेस पार्टी के नेता और लोकसभा में नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने लोकसभा के सेकेट्री जनरल को इस संबंध में नोटिस दिया है। इसमें उन्होंने कहा है कि 27 मार्च को सदन की कार्यवाही में कांग्रेस की ओर से सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को शामिल किया जाए।

क्या सरकार की बढ़ेंगी मुश्किलें?
इससे पहले शुक्रवार को भी लोकसभा की कार्यवाही बाधित रही। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने विपक्षी सांसदों के शोर-शराबे और विरोध चलते सदन की कार्यवाही स्थगित कर दिया। लोकसभा की कार्यवाही स्थगित होने की वजह से टीडीपी और वाईएसआर कांग्रेस की ओर से लाया गया अविश्वास प्रस्ताव शुक्रवार को भी सदन में नहीं लाया जा सका।

YSR कांग्रेस और टीडीपी ने भी दिया है अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस
लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन से स्पष्ट किया कि जब सदन की कार्यवाही ठीक से चलेगी कोई भी अविश्वास प्रस्ताव नहीं लाया जा सकता है। अविश्वास प्रस्ताव के लिए कम से कम सदन के 50 सदस्यों की जरूरत होगी, इसके बाद इस पर चर्चा शुरू होगी। बता दें कि बैंकिंग घोटाले, कावेरी विवाद और आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर हंगामे के चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही सुचारू ढंग से नहीं चल सकी है।












Click it and Unblock the Notifications