उदयनिधि स्टालिन का कांग्रेस में भी विरोध, इस दिग्गज नेता ने कहा- 'सनातन धर्म पर ऐसा बयान स्वीकार नहीं'
उदयनिधि स्टालिन के 'सनातन धर्म' वाले बयान पर कांग्रेस ने भी अब विरोध जताना शुरू कर दिया है। सोमवार को कांग्रेस के दिग्गज नेता डॉ. कर्ण सिंह ने कड़ी आपत्ति जताई है।
मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे और डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन के 'सनातन धर्म' वाले बयान पर कांग्रेस ने भी अब विरोध जताना शुरू कर दिया है। सोमवार को कांग्रेस के दिग्गज नेता डॉ. कर्ण सिंह ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि यह "बेहद दुर्भाग्यपूर्ण" और "पूरी तरह से अस्वीकार्य" है।
आपको बता दें कि डीएमके युवा विंग के सचिव और तमिलनाडु के युवा कल्याण मंत्री उदयनिधि स्टालिन ने आरोप लगाया कि सनातन धर्म समानता और सामाजिक न्याय के खिलाफ है। उन्होंने आगे कहा कि इसे खत्म किया जाना चाहिए। उन्होंने सनातन धर्म की तुलना कोरोना वायरस, मलेरिया, डेंगू वायरस से होने वाले बुखार और मच्छर से करते हुए कहा कि ऐसी चीजों का विरोध नहीं बल्कि उन्हें नष्ट कर देना चाहिए।

'सनातन ने लोगों को बांटा'
मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि ने कहा कि कुछ चीजों का विरोध नहीं किया जा सकता, बल्कि उन्हें खत्म किया जाना चाहिए। सनातनम क्या है? नाम ही संस्कृत से लिया गया है। सनातन समानता और सामाजिक न्याय के खिलाफ है और कुछ नहीं। सनातन का मतलब क्या है? यह शाश्वत है अर्थात इसे बदला नहीं जा सकता। कोई भी कोई प्रश्न नहीं उठा सकता और यही इसका अर्थ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सनातन ने लोगों को जाति के आधार पर बांटा।












Click it and Unblock the Notifications