राष्ट्रपति मुर्मू को पत्र लिखकर अधीर रंजन ने मांगी माफी, जानें पत्र में क्या लिखा?
नई दिल्ली, 29 जुलाई: कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि यह स्लिप ऑफ टंग था। मैं आपसे माफी मांगता हूं और आपसे इसे स्वीकार करने का अनुरोध करता हूं। दरअसल, कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने बीते बुधवार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को मीडिया से बातचीत में 'राष्ट्रपत्नी' कहकर संबोधित किया था। जिसके बाद संसद में काफी हंगामा देखने को मिला था।
Recommended Video

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लिखे अपने पत्र में कहा कि, मैं यह पत्र लिख कर आपके पद के लिए गलती से प्रयोग किये गए गलत शब्द के लिए खेद प्रकट करता हूं। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि मेरी बस जुबान फिसल गई थी। मैं माफी मांगता हूं और आपसे इसे स्वीकार करने का अनुरोध करता हूं।अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बारे में की गई अपनी एक टिप्पणी पर स्पष्टीकरण देते हुए गुरुवार को कहा कि उनसे गलती हो गई क्योंकि वह हिंदी भाषा बहुत अच्छी तरह नहीं जानते। चौधरी ने यह भी कहा था कि उन्होंने राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा है और उनसे मिलकर माफी मांगेंगे।

चौधरी ने कहा, 'देश का राष्ट्रपति जो भी हो, चाहे वह ब्राह्मण हो, या आदिवासी, हमारे लिए राष्ट्रपति हैं। पद की गरिमा का पूरा सम्मान है। कल पत्रकारों से बातचीत में यह शब्द चूकवश निकल गया। उसी समय पत्रकार ने मुझे कहा कि आप 'राष्ट्रपति' कहना चाहते हैं। मैंने कहा कि (यह शब्द) चूकवश निकल गया, इसे नहीं दिखाएंगे तो बेहतर होगा। इसके बाद भी पत्रकार ने इस वीडियो को चलाया।'












Click it and Unblock the Notifications