प्रधानमंत्री मोदी के भाषण पर कांग्रेस का हमला, कहा- 'चीन की निंदा छोड़िए, पीएम बात करने से भी डरते हैं'
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस संकट में आज (मंगलवार) छठी बार देश को संबोधित किया। अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने गरीब कल्याण अन्न योजना के विस्तार का ऐलान किया और गरीबों को नवंबर तक मुफ्त अनाज देने की घोषणा की। पीएम मोदी के संबोधन से पहले उम्मीद जताई जा रही थी की वह चीन के साथ जारी तनाव पर कुछ बड़ी बात बोल सकते हैं लेकिन ऐसा नहीं हुआ। चीन पर ना बोलने के लिए अब विपक्ष ने पीएम मोदी पर निशाना साधा है, कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा, प्रधानमंत्री अपने राष्ट्रीय संबोधन में चीन के बारे में बात करने से भी डरते हैं।

गौरतलब है कि सोमवार को 59 चीनी ऐप्स के बैन होने के बाद ऐसी आशंका जताई जा रही थी कि पीएम मोदी का यह संबोधन चीन और कोरोना वायरस को लेकर महत्वपूर्ण हो सकता है। गृह मंत्री अमित शाह ने भी ट्वीट कर लोगों से पीएम मोदी के संबोधन को ध्यान से सुनने की अपील की थी। हालांकि लोग जैसा सोच रहे थे ऐसा कुछ नहीं हुआ और पीएम मोदी ने अपने संबोधन में सिर्फ कोरोना वायरस से सावधानी, बचाव, उपाय और गरीबों को मिलने वाली राहत के बारे बात की।
Recommended Video
आज का पीएम मोदी का संबोधन पहले के मुकाबले काफी छोटा रहा, प्रधानमंत्री ने करीब 16 मिनट देश से बात की। इस बीच कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर चीन मुद्दे को लेकर हमला बोला है। कांग्रेस ने गलवान घाटी की सैटेलाइट तस्वीर को साझा करते हुए पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए लिखा, 'चीन की निंदा करना भूल जाओ, पीएम अपने राष्ट्रीय संबोधन में इस बारे में बात करने से भी डरते हैं।' बता दें कि चीन के साथ सीमा विवाद को लेकर राहुल गांधी सहित कांग्रेस के कई नेता मोदी सरकार पर हमलावर रूख अपनाए हुए हैं। पीएम मोदी के संबोधन से ठीक पहले राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा था, 'हम जानते हैं कि चीन देश में चार जगह अंदर बैठा है। आप बताइए चीन की फौज को आप कब औऱ कैसे निकालेंगे।'












Click it and Unblock the Notifications