मप्र में पेट्रोल-डीजल पर वैट के विरोध में युकां का प्रदर्शन
भोपाल। मध्य पदेश सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल पर चार-चार प्रतिशत वैट बढ़ाए जाने के विरोध में युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भोपाल में बैलगाड़ी की सवारी कर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता बैलगाड़ी पर मोटर साइकिल रखे थे और पेट्रोल पंप पर पेट्रोल लेने पहुंचे। इंदौर में भी कांग्रेस ने मानव श्रृंखला बनाई।
पिछले दिनों राज्य सरकार ने पेट्रोल व डीजल पर चार-चार प्रतिशत वैट बढ़ाने का फैसला लिया। इससे राज्य में पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ने वाली है। एक तरफ देश में पेट्रोल-डीजल के दाम कम हो रहे है दूसरी तरफ राज्य में दाम बढ़ने वाले हैं। इसी के विरोध में शुक्रवार को युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।

बैलगाड़ी पर मोटर साइकिल रखकर पेट्रोल पंप पहुंचे युवक कांग्रेस कार्यकर्ता राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। उनका आरेाप है कि एक तरफ केंद्र सरकार अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम कम होने पर कीमतें कम कर रही है दूसरी ओर राज्य सरकार वैट बढ़ाकर जनता को लाभ से वंचित कर रही है।
युवक कांग्रेस का आरोप है कि राज्य सरकार जनविरोधी कार्य कर रही है। एक तरफ पेट्रोल-डीजल पर वैट बढ़ाया गया है वहीं सिगरेट पर वैट कम किया गया है। युवक कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल पर बढ़ाए गए वैट को वापस लेने की मांग की है।
इंदौर में कांग्रेस ने वैट बढ़ाए जाने के विरोध में मानव श्रंखला बनाई। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रमोद टंडन ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश देश में ऐसा राज्य बन गया है जहां सबसे ज्यादा वैट है। जनहित का दावा करने वाली राज्य सरकार जनता पर बोझ बढ़ा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications