जितनी जल्दी हो उतनी जल्दी संसद में महिलाओं की संख्या बढ़े और विधेयक पारित हो: नायडू
नई दिल्ली। संसदीय मामलों के मंत्री एम वेंकैया नायडू ने गुरुवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार संसद में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। एसोचैम लेडीज लीग (एएलएल) को यहां संबोधित करते हुए नायडू ने कहा कि जितनी जल्दी हो सके संसद में महिलाओं की संख्या बढ़नी चाहिए और हम महिला आरक्षण के लिए प्रतिबद्ध हैं। उम्मीद है महिला आरक्षण विधेयक लोकसभा में जल्द ही पारित हो जाएगा।

एएलएल द्वारा आयोजित 'जमीनी स्तर पर महिलाओं की एक दशक भर की उपलब्धियां' पुरस्कार समारोह के दौरान नायडू ने कहा कि आज के दौर में महिलाएं न सिर्फ अपने लिए दिशा तय कर रही हैं, बल्कि दूसरों की मदद भी कर रही हैं, खासकर समाज के हाशिए पर और कमजोर लोगों की। हमें महिला आरक्षण के प्रति जागरूक होना चाहिए और संसद में ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को पहुंचाना चाहिए।
इस समारोह में समाज, महिला सशक्तीकरण और पर्यावरण सुरक्षा के लिए किए गए कार्यो के लिए 16 राज्यों की 36 महिला नेताओं को पुरस्कृत किया गया। एएलएल की वैश्विक अध्यक्ष हर्बिना अरोड़ा ने कहा कि महिलाओं के नेतृत्व की इस तरह के सक्रिय प्रयासों को सामने लाने की जरूरत है, ताकि समाज में ज्यादा से ज्यादा महिलाएं कई स्तरों पर प्रेरित हो सकें।












Click it and Unblock the Notifications