पेट्रोल-डीजल के बाद आज से दिल्ली में सीएनजी के दाम भी बढ़े
नई दिल्ली, 08 जुलाई। लगातार पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दाम के बीच अब सीएनजी के दाम में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दिल्ली में सीएनजी के दाम में आज से बढ़ोतरी कर दी गई है। पहले दिल्ली में सीएनजी 43.40 रुपए प्रति किलोग्राम मिल रही थी जोकि अब बढ़कर 44.30 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई है। वहीं पीएनजी की कीमत 29.66 प्रति एससीएम पहुंच गई है। नोएडा में सीएनजी के दाम 49.09 रुपए प्रति किलोग्राम, ग्रेटर नोएडा में और गाजियाबाद में सीएनजी के दाम आज से 49.98 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया है।
Recommended Video

इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड की ओर से सीएनजी की बढ़ी हुई कीमतों की जानकारी दी गई है। ट्वीट करके कहा गया है कि सीएनजी के इस्तेमाल से पेट्रोल की तुलना में आपकी तकरीबन 50 फीसदी और डीजल की तुलना में तकरीबन 68 फीसदी की बचत होगी। बता दें कि इस महीने दिल्ली में छह बार पेट्रोल के दाम बढ़ाए गए हैं जिसके बाद पेट्रोल के दाम 35 पैसे और डीजल के दाम 9 पैसे बढ़ गए हैं। पिछले महीने तेल कंपनियों ने एलपीजी सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी की थी। घरेलू सिलेंडर की कीमत में 25.50 रुपए प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई थी, जोकि 1 जुलाई से लागू है।
बता दें कि दिल्ली में पेट्रोल और डीजल के दाम में हो रही बढ़ोतरी से लोगों को महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है। दिल्ली में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 100.21 रुपए तक पहुंच गई है जबकि डीजल 89.53 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गया है। दिल्ली के अलावा भोपाल, राजस्थान, चेन्नई हैदराबाद, पुणे में भी पेट्रोल के दाम 100 रुपए प्रति लीटर को पार कर चुके हैं। गौर करने वाली बात है कि हर रोज सुबह 6 बजे पेट्रोल और डीजल के दाम में बदलाव होता है।












Click it and Unblock the Notifications