लॉकडाउन पर बोले CM उद्धव- मैं डोनाल्ड ट्रंप नहीं, जो लोगों को संक्रमित होता देखता रहूं
नई दिल्ली: भारत में कोरोना वायरस का संक्रमण दिनों-दिन तेजी से बढ़ता जा रहा है। महाराष्ट्र भी कोरोना से बुरी तरह प्रभावित है। हालात को देखते हुए वहां के कई इलाकों में सख्ती से लॉकडाउन लागू किया गया है। अब इस मामले में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की प्रतिक्रिया सामने आई है। उद्धव के मुताबिक उन्होंने जनता की भलाई के लिए लॉकडाउन लगाया है।

दरअसल इन दिनों शिवसेना का मुख्यपत्र 'सामना' महाराष्ट्र के बड़े नेताओं के इंटरव्यू की एक सीरीज चला रहा है। इसी क्रम में सांसद और पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने सीएम उद्धव का इंटरव्यू लिया। जिसका टीजर रिलीज हुआ है। ये इंटरव्यू दो पार्ट में जारी होगा। इंटरव्यू में सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा कि मुझे लॉकडाउन से होने वाली दिक्कतों का पूरा पता है, लेकिन वो कोरोना वायरस से अपने लोगों को संक्रमित नहीं होने दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि मैं डोनाल्ड ट्रंप नहीं हूं कि अपने लोगों को पीड़ित होता देखता रहूं।
इंटरव्यू में सीएम ने लोगों को ये समझाने की भी कोशिश की है कि लॉकडाउन उनकी भलाई के लिए ही लागू हुआ है। लॉकडाउन में परीक्षा के सवाल पर सीएम ने कहा कि प्रोटोकॉल मंत्री आदित्य ठाकरे ने अंतिम वर्ष के परीक्षा आयोजित करने के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। मौजूदा वक्त में वो परीक्षा करवाकर छात्रों के संक्रमित होने का खतरा नहीं ले सकते हैं। आपको बता दें कि कोरोना के मामले में महाराष्ट्र टॉप पर है, जहां अब तक 3,27,031 मामले सामने आए हैं। इसमें से 12,276 की मौत हुई है, जबकि 1,82,217 ठीक हो चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications