'महाकुंभ में भी तो 50-60 लोग मरे थे', चिन्नास्वामी स्टेडियम भगदड़ पर सवालों पर उखड़े सीएम सिद्धारमैया
Bengaluru Stampede: बेंगलुरु में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के विक्ट्री परेड से पहले चिन्नास्वामी स्टेडियम में भगदड़ मचने से 11 लोगों की मौत हो गई और 33 लोग घायल हो गए। आरसीबी का जश्न मनाने जुटे लाखों की संख्या लोग जुटे थे, जिसमें भीड़ बेकाबू हो गई और भगदड़ मच गई। जश्न में डूबे बेंगलुरू में मिनटों में ही इस घटना के बाद मातम छा गया। इस हादसे के बाद कर्नाटक की कांग्रेस सरकार सवालों के घेरे में फंस चुकी है।
वहीं मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इस हादसे के बाद की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूछे गए सवालों पर गुस्साते हुए ऐसा कुछ कह दिया है जिसके चलते उनकी आलोचना हो रही है।

'महाकुंभ में भी तो 50-60 लोग मरे थे'
दरअसल, चिन्नान्स्वामी स्टेडियम में मची भगदड़ पर विपक्षी नेताओं द्वारा कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराए जाने को लेकर जब पत्रकारों ने सवाल किया तो कर्नाटक सीएम सिद्धारमैया उखड़ पड़े और गुस्साते हुए बोले, "ऐसी घटनाएं कई जगह हुईं, कुंभ मेले में भी तो 50-60 लोग मर गए। मैंने आलोचना नहीं की। अगर कांग्रेस आलोचना करती है तो अलग बात है।" उन्होंने पत्रकारों से सवाल किया क्या तब मैंने या कर्नाटक सरकार ने आलोचना की?
मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये का मुआवजा
बता दें स्टेडियम हादसे के बाद कर्नाटक मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मृतकों के परिवार को राज्य सरकार की ओर से 10 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि घायलों के लिए मुफ्त इलाज की व्यवस्था की गई है।

"मृतकों में ज्यादातर युवा और छात्र हैं"
सिद्धारमैया ने कहा, "मृतकों में ज्यादातर युवा और छात्र हैं। उनके परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। यह एक अप्रत्याशित घटना थी, जिसकी किसी ने उम्मीद नहीं की थी। विधानसभा के पास कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। यह घटनाएं चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास हुईं। मैं इस घटना को सही नहीं ठहराना चाहता। हमारी सरकार इसमें कोई राजनीति नहीं करेगी।"
सीएम ने बताया क्यों हुआ ये हादसा?
मुख्यमंत्री ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लोग स्टेडियम के गेट भी तोड़ दिए, जिसके कारण भगदड़ मच गई। इतनी बड़ी भीड़ की उम्मीद किसी को नहीं थी। स्टेडियम में केवल 35,000 लोगों की क्षमता है, लेकिन लगभग 2 से 3 लाख लोग जमा हो गए थे। बेंगलुरु शहर में उपलब्ध पूरी पुलिस फोर्स को तैनात किया गया था।
जांच के लिए गठित की गई टीम
सिद्धारमैया ने कहा, "यह घटना नहीं होनी चाहिए थी, हम पीड़ितों के साथ हैं। मैंने इस घटना की जांच के लिए जिलाधिकारियों के नेतृत्व में एक टीम गठित की है और उन्हें 15 दिनों का समय दिया है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।"
त्रासदी के दर्द ने जीत के जश्न को भी मिटा दिया
सिद्धारमैया ने कहा, "बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी टीम के जीत के जश्न के दौरान भगदड़ में कई लोगों की जान जाने और कुछ लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर सुनकर गहरा सदमा लगा है। इस त्रासदी के दर्द ने जीत के जश्न को भी मिटा दिया। सीएम ने दुख जताते हुए कहा कि आरसीबी के प्रति प्रेम के कारण आज कई घरों में शोक है। इसी वजह से आरसीबी की विजय यात्रा रोक दी गई।"












Click it and Unblock the Notifications