दिल्ली में CM शिंदे और फडणवीस ने की अमित शाह से मुलाकात, मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा
नई दिल्ली, 8 जुलाई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस शुक्रवार को दिल्ली पहुंचे। वहां पर सबसे पहले दोनों नेताओं ने गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। बैठक में महाराष्ट्र में नई सरकार के गठन के बाद मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इस दिल्ली यात्रा के दौरान दोनों नेता राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात करेंगे।

महाराष्ट्र में नई सरकार के गठन के बाद ये फडणवीस और शिंदे का पहला दिल्ली दौरा है। दोनों नेता एयरपोर्ट से पहले महाराष्ट्र सदन गए। इसके बाद फडणवीस अमित शाह के घर पहुंचे। फिर शिंदे ने भी वहां पहुंचकर गृहमंत्री से मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक जल्द ही शिंदे कैबिनेट का विस्तार होगा। इसके फार्मूले पर तीनों नेताओं ने चर्चा की है। हालांकि शिंद गुट और बीजेपी ने अभी तक ये सार्वजनिक नहीं किया है कि दोनों में कितने मंत्रियों को लेकर बात बनी है।
वहीं दूसरी ओर उद्धव गुट ने शिंदे समेत 16 विधायकों की अयोग्यता को लेकर सुप्रीम कोर्ट में केस किया है। जिस पर 11 जुलाई को सुनवाई होगी। इस पर दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए सीएम शिंदे ने कहा कि हमें न्यायपालिका में विश्वास है। उनके गुट को दो-तिहाई विधायकों का समर्थन प्राप्त है। ऐसे में उनको सरकार जाने का डर नहीं है।
लगातार मजबूत हो रहा शिंदे गुट
आपको बता दें कि शिवसेना के नेता तेजी से उद्धव ठाकरे का साथ छोड़ रहे हैं, इस वजह से शिंदे गुट ज्यादा मजबूत हो रहा है। अब नवी मुम्बई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन में शिवसेना के 32 पार्षदों ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को समर्थन दिया है। इससे पहले ठाणे नगर निगम के 67 में से 66 पार्षदों ने शिंदे का साथ देने की अपील की थी। ऐसे में शिवसेना में उनकी पकड़ मजबूत होती जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications