Coronavirus: स्वर्ण मंदिर के पूर्व हजूरी रागी निर्मल सिंह के परिवार का करीबी सदस्य भी कोरोना वायरस से संक्रमित
नई दिल्ली। कोरोना वायरस से संक्रमित स्वर्ण मंदिर के पूर्व हजूरी रागी और पद्मश्री ज्ञानी निर्मल सिंह की मौत के बाद अब उनके परिवार के एक करीबी में भी COVID-19 पॉजिटिव पाया गया है। बता दें कि भारत में कोरोना वायरस (कोविड-19) के संक्रमित मामलों के साथ-साथ इससे मरने वालों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। इसी बीच अस्थमा के रोगी ज्ञानी निर्मल सिंह के कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद 2 अप्रैल को उनका निधन हो गया था।

गौरतलब है कि स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक भारत में कोरोना वायरस (COVID-19) के 2,902 मामले सामने आए हैं। देश में अब तक महामारी से मरने वालों की संख्या 68 पर पहुंच गई है। वहीं, पंजाब में 53 लोग इस महामारी से संक्रमित पाए गए हैं और राज्य में 5 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना वायरस की दहशत के बीच पद्मश्री से सम्मानित सिख आध्यात्मिक गायक निर्मल सिंह की मौत ने सबको रुला दिया था। अब उनके परिवार के करीबी के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद हंगामा मच गया है। इस बात की जानकारी जालंधर के असिस्ट हेल्थ ऑफिसर टीपी सिंह ने दी है।
विदेश यात्रा से लौटे थे ज्ञानी निर्मल सिंह
बता दें कि दिवंगत ज्ञानी निर्मल सिंह फरवरी में विदेश से लौटे थे और उन्होंने कई धार्मिक कार्यक्रमों में शिरकत की थी। सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में टेस्ट के दौरान उनके कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। निर्मल सिंह को 2009 में पद्मश्री पुरस्कार से नवाजा गया थ। बताया जा रहा है कि 29 फरवरी को तबलावदक जाकिर हुसैन के साथ भी उन्होंने स्वर्ण मंदिर में एक कार्यक्रम किया था।
यह भी पढ़ें: देखिए, पहली बार सामने आया कोरोना टेस्ट का वीडियो, 6 घंटे के प्रोसेस में जरा सी चूक से संक्रमण का खतरा












Click it and Unblock the Notifications