नागरिकता संशोधन कानून को लेकर जामिया में हिंसा पर बोले गृह राज्य मंत्री- कुछ राजनीतिक दल और विदेशी ताकतों का हाथ
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध की आड़ में हो रही हिंसा और आगजनी की घटनाओं पर सरकार ने सोमवार को कहा कि कुछ राजनीतिक दल इस मुद्दे पर हिंसा को बढ़ावा दे रहे हैं। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी ने संवाददाताओं से कहा कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से होना चाहिए। उपद्रवियों द्वारा सरकारी और निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाना गलत है। उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून किसी के खिलाफ नहीं है। हम सबसे बात कर रहे हैं और मोदी सरकार लगातार सबके हित में काम कर रही है।

रेड्डी ने संवाददाताओं से कहा, "जामिया मिल्लिया इस्लामिया में जो कुछ हुआ उसे लेकर हम चिंतित हैं। संशोधित नागरिकता कानून किसी धर्म के खिलाफ नहीं हैं। मैं सभी से अनुरोध करूंगा कि शांति बनाए रखें क्योंकि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना अच्छा नहीं।" मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में कभी हिंसा नहीं होनी चाहिए और इसके पीछे जो भी राजनीतिक दल है उसे ऐसा करने से बचना चाहिए।
उन्होंने कहा, "एक तरफ हम महात्मा गांधी की 150वीं जयंती मना रहे हैं और दूसरी तरफ, लोग हिंसा भड़का रहे हैं। निजी और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना पूर्णत: गलत है। विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण होना चाहिए।" मंत्री ने रविवार को विश्वविद्यालय के छात्रों के खिलाफ कथित पुलिस ज्यादती के बारे में अनभिज्ञता जताई। जामिया में छात्रों पर पुलिस के कथित हमले के वीडियो के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "मैंने अब तक ऐसा कोई वीडियो देखा नहीं है। लेकिन मुझे लगता है कि कुछ बाहरी तत्व प्रदर्शनकारियों के पीछे हैं।"












Click it and Unblock the Notifications