Farmers Protest के बीच कृषि मंत्री से मिले मुख्यमंत्री खट्टर, कृषि कानूनों पर हुई चर्चा
नई दिल्ली। नए कृषि कानूनों के खिलाफ जारी किसान आंदोलन को आज 23 दिन से भी ज्यादा समय हो चुका है। इस बीच कई दौर की बैठक के बाद भी किसान और केंद्र सरकार बीच का रास्ता नहीं निकाल पाई है। किसान आंदोलन के बीच शनिवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर से उनके आवास पर मुलाकात की। इस बैठक में दोनों के बीच कृषि कानूनों को लेकर चर्चा हुई। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सीएम खट्टर, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात कर सकते हैं।

गौरतलब है कि पंजाब के साथ-साथ किसान आंदोलन में बड़ी संख्या में हरियाणा के भी किसान शामिल हैं। दिल्ली की सीमाओं पर पिछले 3 हफ्ते से हजारों की संख्या में किसान कृषि कानूनों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और नरेंद्र सिंह तोमर की मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है। बैठक खत्म होने के बाद मीडिया से बात करते हुए सीएम खट्टर ने कहा, 'मेरा मानना है कि अगले 2-3 दिनों में बात हो सकती है। इस मुद्दे (किसानों के विरोध) का हल चर्चा के माध्यम से निकलना चाहिए। मैंने केंद्रीय कृषि मंत्री से कहा है कि इस मुद्दे को जल्द हल किया जाना चाहिए।'
इस बीच हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में कोरोना वायरस का इलाज करा रहे राज्य के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज से मुलाकात की। बता दें कि 5 दिसंबर को, विज ने घोषणा किया था कि उनका COVID-19 टेस्ट पॉजिटिव आया है। शुक्रवार को मेदांता अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एके दुबे ने उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी दी थी। दुबे ने कहा था कि, ''स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का स्वास्थ्य स्थिर है। उनके वाइटल पैरामीटर सामान्य हैं। उम्मीद है कि, वे जल्द कोरोना के संक्रमण से मुक्त हो जाएंगे।'
यह भी पढ़ें: Farmers Protest: चक्का जाम करने की तैयारी में किसान, कल होगी प्रशासन के साथ बैठक












Click it and Unblock the Notifications