छत्तीसगढ़: बीजापुर एनकाउंटर में CRPF के 2 जवान शहीद, एक नक्सली भी ढेर
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में सोमवार को मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक नक्सली को ढेर कर दिया। वहीं, इस एनकाउंटर में सीआरपीएफ के कोबरा बटालियन के दो जवान शहीद हो गए। मिली जानकारी के मुताबिक, मुठभेड़ में चार जवान घायल हुए थे। ये मुठभेड़ बीजापुर और सुकमा जिलों की सीमा पर स्थित इरापल्ली गांव में सुबह 10 बजे करीब शुरू हुई।
Recommended Video

बताया जा रहा है कि सुरक्षाबल इलाके में नक्सल रोधी अभियान चला रहे थे। सीआरपीएफ के एक अधिकारी के मुताबिक, इस एनकाउंटर में सुरक्षाबलों ने एक नक्सली को ढेर कर दिया। सुरक्षाबलों ने मौके से हथियार भी बरामद किए हैं। इस मुठभेड़ में कोबरा बटालियन के चार जवान घायल हुए थे, जिनमें दो शहीद हो गए। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबलों की नक्सलियों से मुठभेड़ अभी भी जारी है।
इसके पहले पिछले साल नवंबर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली थी। सुकमा जिले के बुरकापाल में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में दो नक्सलियों को मार गिराया था। इस मुठभेड़ में नक्सलियों के पास से भारी मात्रा में गोला-बारूद और हथियार बरामद किया गया था। छत्तीसगढ़ पुलिस और जिला रिजर्व गार्ड की संयुक्त टीम ने मिलकर इस ऑपरेशन को सफलता पूर्वक अंजाम दिया था।
नारायणपुर के इलाकों में भी नक्सली काफी सक्रिय रहे हैं। 23 नवंबर की देर शाम नक्सलियों ने इस जिले के मडोनार गांव में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण में लगे चार ट्रैक्टर, एक जेसीबी मशीन और एक बाइक में आग लगा दी थी। इतना ही नहीं, नक्सलियों ने ठेकेदार प्रेम दास मानिकपुरी की जमकर पिटाई भी कर दी और फिर से क्षेत्र में नहीं आने की धमकी दी थी। इस घटना को अंजाम देने के बाद नक्सली बीजापुर की तरफ जंगलों में भाग गए।












Click it and Unblock the Notifications