89 साल के इस नेता को रमन सिंह के खिलाफ उतारने की तैयारी में कांग्रेस
शॉर्ट हेडलाइन
रायपुर। मायावती और अजीत जोगी के बीच चुनावी गठबंधन से बैकफुट पर आई कांग्रेस नई चुनावी रणनीति के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। हालांकि, यह नीति कितनी कारगर साबित होगी, यह तो वक्त ही बताएगा पर कांग्रेस ने ऐलान कर दिया है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2018 में वह अपने सभी बड़े नेताओं को मैदान में उतारेगी। खबर है कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह के खिलाफ कांग्रेस अपने उम्रदराज नेता मोतीलाल वोरा को चुनाव लड़ाएगी। 89 साल के मोतीलाल वोरा राजनांदगांव विधानसभा सीट पर रमन सिंह को चुनौती देंगे। यह बात पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष चरणदास महंत ने कही है।

वोरा नहीं लड़े तो ताम्रध्वज साहू को मैदान में उतार सकती है कांग्रेस
मोतीलाल वोरा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव होने के साथ ही छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद भी हैं। वोरा के चुनाव लड़ने के बारे में चरणदास महंत ने कहा कि वैसे तो वोरा को लड़ाने की तैयारी पार्टी में चल रही है, लेकिन अगर वह चुनाव नहीं लड़ेंगे तो दुर्ग से सांसद ताम्रध्वज साहू को रमन सिंह के खिलाफ मैदान में उतारा जा सकता है।

राजनांदगांव सीट पर है रमन सिंह का पलड़ा भारी
मोतीलाल वोरा दो बार मध्य प्रदेश के सीएम रह चुके हैं। 1998 में पहली बार ह राजनांदगांव से ही लोकसभा पहुंचे थे। हालांकि, रमन सिंह के साथ उनकी चुनावी अदावत आज की नहीं है, 1999 में रमन सिंह ने मोतीलाल वोरा राजनांदगांव से ही लोकसभा चुनाव में हराया था। इसके बाद 2002 से मोतीलाल वोरा राज्यसभा में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
अजीत जोगी भी इसी सीट लड़ने का मन बना रहे हैं
राजनांदगांव छत्तीसगढ़ की सबसे चर्चित विधानसभा सीटों में एक है। बीजेपी के लिए अच्छी बात यह है कि रमन सिंह यहां से न केवल सांसद के तौर पर जीत चुके हैं बल्कि दो बार इसी सीट से विधायक भी रह चुके हैं। वैसे अजीत जोगी भी राजनांदगांव विधानसभा सीट से ही चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस के लिए चुनौती काफी बड़ी है। उसके पास न तो रमन सिंह के कद का कोई नेता है और न ही अजीत जोगी जैसा जनाधार वाला लीडर।












Click it and Unblock the Notifications