Chennai Weather: चेन्नई में मौसम का तूफानी कहर, स्कूल-कॉलेज बंद, सड़कों से पंप लगा निकाला जा रहा पानी
Chennai Weather: चेन्नई और इसके आसपास के उत्तरी तटीय जिलों में पिछले कई दिनों से जारी बारिश ने जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार हो रही तेज बरसात के चलते चेन्नई की सड़कों पर पानी भर गया है। प्रदेश के कई शहरों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने भारी बारिश और आंधी-तूफान को लेकर नई चेतावनी जारी की है। इससे साफ है कि राज्य में फिलहाल राहत की उम्मीद कम ही है। कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने चेन्नई, तिरुवल्लुर, कांचीपुरम और चेगलपट्टू जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बारिश और खराब मौसम की वजह से शुक्रवार (5 दिसंबर) को स्कूल-कॉलेज बंद हैं। मौसम की वजह से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है।

Chennai Weather: दक्षिण भारत के राज्यों में अलर्ट जारी
- बारिश और चक्रवाती तूफान के असर को देखते हुए तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और केरल के तटीय इलाकों के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में आम लोगों से घर में रहने की अपील की गई है।
- समुद्र, नदी, जलाशयों के पास नहीं जाने और मछुआरों को समुद्र में नहीं उतरने का निर्देश दिया गया है। चेन्नई और तिरुवल्लूर इलाके में तटीय क्षेत्रों में रहने वाले कुछ लोगों से इलाका खाली कराकर सुरक्षित जगह भेजा गया है।
- तमिलनाडु के 4 जिलों में मध्यम बारिश के साथ बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश होने की आशंका जताई गई है। लगातार बारिश की वजह से पानी भरने, सड़कें फिसलन भरी होने और ट्रैफिक जाम जैसी स्थितियों की चेतावनी दी गई है।
यह भी पढ़ें: Chennai School Holiday: बारिश से बिगड़े हालात, चेन्नई और आसपास के जिले अलर्ट पर, कहां-कहां बंद हैं स्कूल?
IMD का तमिलनाडु के कई इलाकों में जलजमाव का अलर्ट
आईएमडी ने विलुप्पुरम, कड्डलोर, रानीपेट, तिरुवन्नामलाई, कल्लाकुरिची, मयिलादुथुरै, नागपट्टिनम, तंजावुर, तिरुवारुर और पुदुकोट्टई सहित कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका बनी रहेगी। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश का यह सिलसिला अगले 24 घंटे तक जारी रह सकता है।
लगातार बारिश से चेन्नई के कई हिस्सों में जलजमाव बढ़ता जा रहा है। अन्ना नगर, अड्यार, टी. नगर, वेलाचेरी, पोरूर और पेरुंबक्कम जैसे इलाकों में सड़कों पर पानी जमा होने से लोगों की आवाजाही मुश्किल हो गई है। कई जगहों पर वाहन धीरे-धीरे रेंगते दिखे, जिससे सुबह के समय भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिला।
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रही नमी से खराब रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि जलभराव वाले क्षेत्रों में फिसलन भरी सड़कें और खराब दृश्यता के कारण दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ सकती है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बनी नमी और हवा के पैटर्न में बदलाव के चलते बारिश का यह सिलसिला आगे भी जारी रह सकता है। उत्तरी तटीय जिलों में मौसम अगले कुछ दिनों तक अस्थिर बना रहेगा। राज्य सरकार और नगर निगम प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में पंपों और राहत टीमों को तैनात किया है। हालांकि, भारी बारिश की वजह से हालात सामान्य होने में अभी और समय लग सकता है।
यह भी पढ़ें: Chennai Weather: साइक्लोन दित्वाह ने लिया विकराल रूप, बारिश और तूफानी हवाओं ने लगाई चेन्नई की स्पीड पर ब्रेक












Click it and Unblock the Notifications