Cheetah Video: इंसानों के बीच आराम कर रहे हिरण को चीते ने बनाया शिकार, जंगल में दिखी असली रफ्तार
नई दिल्ली: भारत में 70 साल पहले चीते विलुप्त हो गए थे, लेकिन अब मध्य प्रदेश का कूनो नेशनल पार्क 8 चीतों का घर बन गया है। चीते दुनिया के सबसे तेज दौड़ने वाले जानवर हैं, ऐसे में अगर ये किसी शिकार के पीछे लग जाएं, तो उनका बचना मुश्किल हो जाता है। भारत में चीते आने के बाद अब लोग इनके वीडियो सोशल नेटवर्किंग साइट्स और यूट्यूब पर सर्च कर रहे। इस बीच एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा, जिसमें चीता एक हिरण का शिकार करता नजर आ रहा। (वीडियो-नीचे)

झाड़ियों से निकला चीता
वायरल वीडियो दक्षिण अफ्रीका के क्रूगर नेशनल पार्क का है। इसे कुछ लोगों ने 20 मार्च 2022 को फिल्माया था, लेकिन ये अब तेजी से वायरल हो रहा। वीडियो में आप देख सकते हैं कि नेशनल पार्क में बहुत से पर्यटक विशेष वाहनों से पहुंचे थे और उनके बीच हिरण आराम से घूम रहे थे। तभी वहां पर झाड़ियों के बीच से एक चीता निकलता है। वो अपने लिए खाने की तलाश में था, ऐसे में हिरण का झुंड उसका टारगेट बन गया।

शिकार छोड़कर हटा
कुछ ही देर बाद चीते ने हिरणों के झुंड को दौड़ा लिया। हिरण की भी रफ्तार काफी ज्यादा तेज होती है, लेकिन वो चीते के आगे मात खा गए। चीते ने सीधे उसकी गर्दन दबाई और उसे अधमरा कर दिया। वैसे तो ये लड़ाई झाड़ियों में हो रही थी, लेकिन चीता और हिरण भागते-भागते सड़क पर आ गए थे। वहां पर पर्यटकों के दर्जनभर वाहन खड़े थे। उनको देखते ही चीता घबरा गया और उसने अपना शिकार छोड़ दिया।

दबे पैर फिर लौटा
हिरण बुरी तरह से घायल था, इस वजह से वो जाकर एक कार के पास बैठ गया और आराम करने लगा। उसको लग रहा था कि अब चीता दोबारा नहीं आएगा। कुछ दूरी पर खड़े होकर चीता माहौल देखता रहा। बाद में वो समझ गया कि उसे इंसानों से नहीं खतरा। ऐसे में वो दबे पैर कार के पास पहुंचा और हिरण की गर्दन दबोच ली। इसके बाद वो उसे झाड़ियों में लेकर चला गया।

बगुले देते रहे चेतावनी
वीडियो फिल्माने वालों ने बताया कि घटना के वक्त वहां पर करीब 50 हिरण थे। चीते ने पहले सबको मॉनिटर किया और फिर कमजोर पर धावा बोला। हमला होता देख बाकी हिरण वहां से भाग गए। हैरानी की बात ये है कि हिरण खतरे से अनजान थे, लेकिन बगुलों ने उन्हें चेतावनी देने की कोशिश की, इसके बाद भी उन्होंने इलाका नहीं छोड़ा। ऐसे में उन्हें एक साथी को गंवाना पड़ा।

23 फीट की छलांग
आपको बता दें कि चीता सिर्फ 3 सेकेंड में 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकता है। इसके अलावा ये 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़कर 23 फीट की छलांग भी मार सकता है। जीव विशेषज्ञों के मुताबिक चीते के 100 में से औसतन 5 बच्चे ही जिंदा रहते हैं। इसके पीछे की वजह शेर, लकड़बग्घे, तेंदुए जैसे शिकारी हैं। ये आराम से चीते के बच्चों को शिकार बना लेते हैं। इसके अलावा इनकी तस्करी भी एक बड़ा मुद्दा है।












Click it and Unblock the Notifications