चार धाम यात्रा के रास्तों पर 110 जगह तीसरी आंख से निगरानी, आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तुरंत मिलेगी मदद
Char Dham Yatra: चार धाम यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह राजवार ने बताया कि "केदारनाथ से रुद्रप्रयाग तक यात्रा मार्ग पर 110 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कंट्रोल रूम से पूरे रूट की लाइव मॉनिटरिंग हो रही है। यदि किसी श्रद्धालु को स्वास्थ्य संबंधी समस्या या भारी वर्षा के कारण कोई परेशानी होती है, तो यहां से तत्काल सूचना संबंधित टीम को भेजी जाएगी। मौके पर तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट और अन्य कर्मचारी तुरंत जरूरी सहायता पहुंचाएंगे।"
चार धाम यात्रा को हिंदू धर्म में अत्यधिक पवित्र माना जाता है। यह यात्रा उत्तराखंड के चार प्रमुख तीर्थ स्थलों यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ के दर्शन के लिए की जाती है। हर साल लाखों श्रद्धालु मोक्ष की कामना और अपने पापों के प्रायश्चित के लिए इस कठिन यात्रा पर निकलते हैं।

चार धाम यात्रा के महत्व की बात करें तो ये चारों मंदिर न केवल आध्यात्मिक शक्ति का प्रतीक हैं बल्कि चार पवित्र नदियों के उद्गम स्थल भी हैं यमुनोत्री से यमुना, गंगोत्री से गंगा, केदारनाथ से मंदाकिनी और बद्रीनाथ से अलकनंदा नदी का उद्भव होता है।
हिंदू धर्म में तीर्थयात्रा को धर्म के पांच प्रमुख कर्तव्यों में शामिल किया गया है। माना जाता है कि यह यात्रा न केवल भक्त की आस्था को परखती है बल्कि उसमें विनम्रता और संयम का भी संचार करती है। दूर-दराज के दुर्गम मार्गों पर जाकर श्रद्धालु परम शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव करते हैं।
चार धाम यात्रा का पारंपरिक मार्ग हरिद्वार से शुरू होकर देहरादून, मसूरी, बरकोट होते हुए यमुनोत्री पहुंचता है। फिर उत्तरकाशी और गंगोत्री से गुप्तकाशी और केदारनाथ के दर्शन होते हैं। इसके बाद जोशीमठ होते हुए बद्रीनाथ पहुंचा जाता है। रुद्रप्रयाग, देवप्रयाग और ऋषिकेश होते हुए यात्रा पूरी होती है।
जिला प्रशासन ने अपील की है कि श्रद्धालु किसी भी आपात स्थिति में घबराएं नहीं। कैमरों और कंट्रोल रूम के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। साथ ही, स्वास्थ्य जांच शिविर, आपातकालीन सहायता दल और कंट्रोल रूम की हेल्पलाइन यात्रियों के लिए चौबीसों घंटे सक्रिय हैं।












Click it and Unblock the Notifications