ममता बनर्जी के धरने में शामिल अधिकारियों से मेडल वापस लेगा केंद्र!
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ धरने में शामिल हुए अफसरों पर केंद्र ने बड़ी कार्रवाई का ऐलान किया है। वहीं पश्चिम बंगाल की सरकार से भी इन अफसरों के खिलाफ ऑल इंडिया सर्विसेज के नियमों के तहत कार्रवाई करने को कहा है। इन अफसरों ने कथित तौर पर चार फरवरी को ममता बनर्जी के केंद्र सरकार और सीबीआई के खिलाफ धरने में भाग लिया था।

गृह मंत्रालय धरने में शामिल हुए पांच पुलिस अधिकारियों से मेडल वापस लेने, इन अधिकारियों का नाम इंपैनल्ड लिस्ट से हटाने और पांचों आईपीएस अधिकारियों पर कुछ समय के लिए केंद्र सरकार में सेवा देने पर भी रोक लगाने पर विचार कर रहा है।
रविवार को सीबीआई की टीम चिट फंड मामले में पूछताछ करने के लिए कोलकाता पुलिस कमिश्नर राजीव कुमार के घर पहुंची थी। यहां राज्य पुलिस ने टीम को हिरासत में ले लिया था। वहीं रविवार रात को ही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र पर सीबीआई के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कोलकाता में धरना शुरू कर दिया था। तीसरे दिन उन्होंने धरना खत्म किया था। इस दौरान राजीव कुमार और कुछ दूसरे अधिकारी भी उनके मंच पर दिखे थे। हालांकि ममता ने कहा था कि अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था का काम देख रहे थे ना कि धरना दे रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications