पाकिस्तान से आए टिड्डी दल पर काबू के लिए केंद्र ने गुजरात भेजी 11 टीमें
नई दिल्ली। पाकिस्तान से आए टिड्डी दल से गुजरात में फसलों को हो रहे नुकसान को देखते हुए केंद्र ने 11 टीमों को वहां भेजा है। केंद्र की ये 11 टीमें प्रभावत इलाके का दौरा कर देखेंगी कि कैसे इस समस्या से पार पाया जाए। बॉर्डर पार ये आया टिड्डी दल गुजरात के बनासकांठा और मेहसाणा जिलों में सबसे ज्यादा फसलों का नुकसान कर रहा है। खौसतौर से सरसों, अरंडी और गेहूं की फसल को इसने नष्ट किया है।

टिड्डी दल बनासकांठा, पाटण और मेहसाणा के सौ से अधिक गांवों में फसल को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। किसान देशी उपायों से कहीं थाली बजाकर, ढोल बजाकर तो कहीं-कहीं डीजे बजाकर टिड्डीयों को भगाने की कोशिश कर रहे हैं।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया है कि किसानों को फसलों के नजदीक खेतों में टायर जलाने, ढोल बजाने, बर्तन बजाने, टेबल फैन चलाने जैसे विभिन्न कदम उठाने को कहा गया है। किसानों के लिए एक हेल्पलाइन भी स्थापित की गई है। राज्य सरकार ने कई टीमें टिड्डी नियंत्रण के लिए भेजी हैं।
गुजरात के उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने अपने बयान में कहा है, इन टिड्डियों ने पाकिस्तान के रेगिस्तानी इलाकों से गुजरात में प्रवेश किया। एक महीने में यह दूसरी बार है जब टिड्डियों ने उत्तरी गुजरात में हमारे खेतों पर नुकसान किया है। स्थानीय प्रशासन और कृषि विभाग स्थिति से निपट रहा है।
राज्य सरकार में कृषि मंत्री आर सी फलदू ने कहा है कि फसल बीमा की रकम का वितरण शुरु कर दिया है। वहीं कांग्रेस ने गुजरात सरकार पर किसानों की समस्या को लेकर उदासीन होने का आरोप लगाया है।












Click it and Unblock the Notifications